बरेली: पुलिस की सख्ती बढ़ी तो महिलाएं भी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने लगीं
बरेली, अमृत विचार। अब महिलाएं भी ड्राइविंग लाइसेंस बनवा रही हैं। उनके लाइसेंस बनवाने के पीछे पुलिस की चौराहों पर बढ़ती चेकिंग का कारण हो या फिर स्कूटी से घूमने का, लेकिन इन दिनों संभागीय परिवहन कार्यालय में लाइसेंस बनवाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच रही हैं। हर माह 6 हजार लाइसेंस बनाए …
बरेली, अमृत विचार। अब महिलाएं भी ड्राइविंग लाइसेंस बनवा रही हैं। उनके लाइसेंस बनवाने के पीछे पुलिस की चौराहों पर बढ़ती चेकिंग का कारण हो या फिर स्कूटी से घूमने का, लेकिन इन दिनों संभागीय परिवहन कार्यालय में लाइसेंस बनवाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच रही हैं। हर माह 6 हजार लाइसेंस बनाए जा रहे हैं। इसमें से सैकड़ों की संख्या में महिलाओं को भी लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए हैं। कोरोना काल के बाद चौराहों पर पुलिस की सख्ती बढ़ी है। बिना मास्क के घूमने वालों की धरपकड़ को लेकर चेकिंग होने से बड़ी संख्या में बिना लाइसेंस के चलने वाले भी पकड़े जा रहे हैं। उसमें महिलाएं भी शामिल हैं।
अब पुलिस स्कूटी सवार बिना मास्क के चलने वाली युवतियों व महिलाओं को भी रोकने लगी है। इसकी वजह से लाइसेंस बनवाने के मामले में महिलाओं की रफ्तार तेज हुई है। हर रोज 300 लोगों को स्लाट देकर बुलाया जा रहा है लेकिन तीन सौ लोगों में भी 200 के करीब ही लर्निंग लाइसेंस के लिए टेस्ट देने पहुंच रहे हैं जिसमें से करीब 20 से 25 महिलाएं भी होती हैं। ऑनलाइन टेस्ट पास करने के बाद बायोमेट्रिक हाजिरी लेने के बाद छह माह तक वैध लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाता है। इस माह में अभी तक करीब 600 महिलाओं के लर्निग लाइसेंस बनाए गए हैं।
जानकारी के अभाव में फेल हो जाते हैं आवेदक
लर्निंग लाइसेंस टेस्ट में फेल होने पर आवेदक को दोबारा टेस्ट देने का मौका दिया जाता है। हालांकि इसके लिए 50 रुपए की फीस देनी पड़ती है। जबकि 29 दिसंबर 2016 से पहले तक दोबारा परीक्षा में बैठने के लिए फीस नहीं ली जाती थी। इसके बाद केंद्रीय परिवहन विभाग ने लर्निंग लाइसेंस की परीक्षा में बैठने वाले फेल आवेदकों के लिए शुल्क निर्धारित कर दिया। आरटीओ के आरआई टेक्निकल मानवेंद्र प्रताप सिंह बताते हैं कि हैरान करने वाली बात है कि पढ़े-लिखे लोग परिवहन विभाग के सामान्य तार्किक टेस्ट को पास नहीं कर पा रहे हैं। जबकि, यह परीक्षा बहुत आसान है। यातायात संकेत, वाहन चलाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, पार्किंग आदि से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं जिसे आवेदक पास नहीं कर पाते हैं। इसके लिए कई सिफारिश भी आती हैं।
मनोज सिंह, एआटीओ ने बताया कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना अपराध है, यह सभी को समझना चाहिए। सामान्य दिनों में प्रतिदिन लर्निंग लाइसेंस टेस्ट के लिए महिला आवेदकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। जबकि विभाग की ओर से अभियान चलाकर भी महिलाओं को लाइसेंस बनवाने के लिए जागरूक किया जाता है।
इसे भी पढ़ें…
बरेली: कदम-कदम पर खतरा बनी स्मार्ट सिटी की सड़कें
