बरेली: सामूहिक नकल कराने में सत्यपाल सिंह डिग्री कॉलेज पर कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। शाहजहांपुर के नवादा स्थित सत्यपाल सिंह डिग्री कॉलेज में सामूहिक नकल पकड़े जाने के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने डिग्री कॉलेज के परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। इस महाविद्यालय में परीक्षा दे रहे छात्र अब पास के दूसरे …
बरेली, अमृत विचार। शाहजहांपुर के नवादा स्थित सत्यपाल सिंह डिग्री कॉलेज में सामूहिक नकल पकड़े जाने के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने डिग्री कॉलेज के परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। इस महाविद्यालय में परीक्षा दे रहे छात्र अब पास के दूसरे महाविद्यालय में परीक्षा देंगे।
कुलपति ने केंद्राध्यक्ष को भी पद से हटा दिया है। वहीं जिस शिक्षक के पास से नकल की पर्ची सचल दल ने पकड़ी थी, उसे विश्वविद्यालय की अनुमादित शिक्षक सूची से हटा दिया गया है। कुलपति ने परीक्षा समिति को नकल के साथ पकड़े गए 14 छात्रों पर कठोर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। परीक्षा समिति की जांच के बाद इस मामले में पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के सचल दल ने 27 जुलाई को नवादा के सत्यपाल सिंह डिग्री कॉलेज में छापा मारा था। द्वितीय पाली में सामान्य अंग्रेजी के पेपर में महाविद्यालय में सामूहिक नकल हो रही थी। सचल दल ने नकल के साथ पकड़े गए 14 छात्रों का यूएफएम फार्म भरा था। साथ ही एक शिक्षक की जेब से नकल की पर्ची भी पकड़ी थी। सचल दल नकल सामग्री साथ में लेकर आई थी। उसने अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन के पास सौंपी।
परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद ने भी रिपोर्ट दी। उसके बाद कुलपति ने शुक्रवार को तत्काल प्रभाव से परीक्षा केंद्र को समाप्त कर दिया। शिक्षक का भी विश्वविद्यालय से अनुमोदन समाप्त कर दिया गया है। अब शिक्षक विश्वविद्यालय से संबद्ध किसी भी महाविद्यालय में नहीं पढ़ा सकेगा। कुलपति ने सभी निर्णय को परीक्षा समिति में रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिस परीक्षा केंद्र पर नकल की शिकायत प्राप्त होगी, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।
बरेली: 1193 पंचायतों में तैनात होंगे सहायक, युवाओं को मिलेगा रोजगार
