मुरादाबाद: चोरी के चार ट्रैक्टर समेत एक गिरफ्तार, 6 आरोपी फरार
मुरादाबाद,अमृत विचार। पाकबड़ा पुलिस ने चोरी के ट्रैक्टर खरीद कर उनके फर्जी कागज तैयार करके बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके छह साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पाकबड़ा पुलिस ने चोरी के ट्रैक्टर खरीद कर उनके फर्जी कागज तैयार करके बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके छह साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर योगेंद्र कृष्ण यादव ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थानाक्षेत्र में चोरी के ट्रैक्टर खपाए जाने की सुगबुगाहट पिछले काफी दिनों से चल रही थी। इसकी भनक लगने पर पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछा दिया। पुलिस के मेहनत रंग लाई। सूचना मिली की थानाक्षेत्र के गांव करनपुर में प्राथमिक स्कूल के पास एक मकान में कुछ लोग ट्रैक्टरों के पुर्जे खोल रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई।
वहां कुछ लोग ट्रैक्टरों के पुर्जे खोल रहे थे जबकि दो युवक ग्रेंडर मशीन से ट्रैक्टरों के चैसिस और इंजन नंबरों की घिसाई कर रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपियों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया जबकि अन्य आरोपी मौका पाकर भागने में सफल हो गए। पकड़े गए युवक ने अपना नाम सुभानी पुत्र मोहम्मद आलम निवासी ग्राम करनपुर बताए। उसने अपने साथियों के नाम अहसान पुत्र महबूब हुसैन, फारुख उर्फ बिल्लू पुत्र महबृब हुसैन, कादिर पुत्र जुम्मा शाह, तहजीब पुत्र सुक्खन, अब्दुल रहमान पुत्र मुबारक निवासीगण गांव करनपुर थाना पाकबड़ा तथा दो अज्ञात बताए।
पुलिस ने मौके से दो ट्रैक्टर सोनालिका डीआई 35 और एक ट्रैक्टर सोनालिका डीआई-42 आरएक्स, एक ट्रैक्टर स्योराज 735, ग्राइंडर मशीन और चाबी-पाने बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस तरह देते थे घटना को अंजाम
पुलिस के हत्थे चढ़े सुभानी ने पूछताछ में बताया कि ये लोग अलग-अलग राज्यों से चुराए गए ट्रैक्टरों को खरीद लेते हैं। इसके बाद उनके इंजन और चैसिस नंबर को ग्राइंडर मशीन से घिसकर बदल देते हैं। चोरी के इन ट्रैक्टरों के फर्जी कागजात तैयार कराकर बेच देते हैं। इसमें उन्हें अच्छी खासी कमाई हो जाती है।
टीम में ये रहे शामिल
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कृष्ण यादव, उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार शर्मा, हेडकांस्टेबल रामवीर सिंह और कांस्टेबल सचिन कुमार।
