लखीमपुर खीरी: दहेज में नहीं पूरी हुई बाइक की मांग, चाकू से ताबड़तोड़ वार कर ले ली पत्नी की जान
लखीमपुर खीरी, अमृतविचार। थाना मितौली क्षेत्र में दहेज में बाइक न मिलने से नाराज पति ने शुक्रवार की शाम पत्नी की चाकू से गोद कर हत्या कर दी और मौके से भाग निकला। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सीतापुर जिले के थाना …
लखीमपुर खीरी, अमृतविचार। थाना मितौली क्षेत्र में दहेज में बाइक न मिलने से नाराज पति ने शुक्रवार की शाम पत्नी की चाकू से गोद कर हत्या कर दी और मौके से भाग निकला। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सीतापुर जिले के थाना महोली के गांव हसनापुर निवासी देवीदीन ने बताया कि उन्होंने पुत्री विमला देवी (25) की शादी करीब छह साल पहले थाना मितौली के गांव नीमचैनी निवासी नेत्रराम के साथ की थी।
शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था लेकिन पुत्री का पति कुछ दिनों के बाद बाइक की मांग करने लगा। उन्होंने आर्थिक स्थिति ठीक न होने पर मांग पूरी कर पाने में असमर्थता जताई और नेत्रराम को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और पुत्री को शारिरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। पुत्री के बताने पर उन्होंने रिश्तेदारों की भी मदद ली, लेकिन वह नहीं माना और मारपीट कर प्रताड़ित करना जारी रखा।
शुक्रवार की शाम बाइक की मांग को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। नाराज नेत्रराम ने चाकू से पुत्री पर हमला कर दिया। सिर, चेहरे पर ताबड़तोड़ प्रहार कर विमला देवी की हत्या कर दी और मौके से भाग निकला। घटना से गांव में सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वाले रक्तरंजित शव देखकर बिलख पड़े।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। एसओ अनिल सैनी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
