यूपी: आरपीआई प्रदेशभर में निकालेगी रथ यात्रा, आठवले ने बसपा को लेकर दिया यह बड़ा बयान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) प्रदेश भर में बहुजन कल्याण रथ यात्रा निकालेगी। यह यात्रा 26 सितम्बर से प्रदेश के 18 मंडल के प्रत्येक जिलों के लिए निकली जाएगी। समस्त मंडल के जिलों से होते हुए 18 दिसम्बर को राजधानी में बहुजन कल्याण महारैली का आयोजन होगा। यह जानकारी पत्रकारवार्ता के दौरान रिपब्लिकन पार्टी …

लखनऊ। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) प्रदेश भर में बहुजन कल्याण रथ यात्रा निकालेगी। यह यात्रा 26 सितम्बर से प्रदेश के 18 मंडल के प्रत्येक जिलों के लिए निकली जाएगी। समस्त मंडल के जिलों से होते हुए 18 दिसम्बर को राजधानी में बहुजन कल्याण महारैली का आयोजन होगा। यह जानकारी पत्रकारवार्ता के दौरान रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री डॉ. रामदास आठवले ने दी। केंद्रीय मंत्री आठवले ने बहुजन कल्याण रथ यात्रा के बारे में बताया कि यह यात्रा 26 सितंबर को गाजियाबाद से शुरू होगी और ढाई माह तक चलेगी।

इस दौरान रथ यात्रा ग्रामीण इलाकों में आरपीआई का संदेश देगी। प्रत्येक मंडल में उनकी एक जनसभा भी आयोजित होगी, जिसमें उस मंडल के सभी पदाधिकारी व बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। आठवले ने बताया कि विभिन्न मंडलों के जिलों से होते हुए यात्रा 13 दिसम्बर को लखनऊ मंडल में प्रवेश करेगी और 18 दिसम्बर को राजधानी पहुंचेगी। राजधानी पहुंचने पर महारैली का आयोजन होगा। यह महारैली माता रमाबाई अंबेडकर पार्क में आयोजित होगी। जिसमें भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित करेंगे। इस रैली में बड़ी संख्या में बड़े नेता, पदाधिकारी व बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

यात्रा का मकसद अनुसूचित जाति को जागरूक करना
केंद्रीय मंत्री आठवले ने कहा है कि यात्रा का मकसद सिर्फ यह है कि उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों को बताया जा सके कि केंद्र और राज्य सरकार उनके लिए कितना काम कर रही है। इसके अलावा लोगों को यह भी बताना है कि उन पार्टियों से सावधान रहें, जो सत्ता में आने के लिए उनके हित की बात तो करती हैं लेकिन सत्ता में आने के बाद कोई काम नहीं करतीं।

बसपा का विकल्प बनेगी आरपीआई : आठवले
आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामदास आठवले ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी का विकल्प बनेंगे। दलित व मुस्लिम बाहुल्य इलाकों से चुनाव लड़ना चाहते है। इस सिलसिले में हमने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है। इसके पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी बात कर चुके है। उन्होंने सपा के मुखिया अखिलेश यादव व बसपा की मुखिया मायावती पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव जीतना न अखिलेश के लिए संभव है और न ही मायावती के लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोग केवल वोट बैंक की राजनीति करते हैं और सत्ता में आने के बाद भूल जाते है।

संबंधित समाचार