सीतापुर: तारीख से पहले की शादी, अब पहले पत्नी फिर पति का फंदे से लटका मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। कोतवाली क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक नवविवाहिता ने पहले खुदकुशी कर ली। उसके बाद विवाहित के पति का भी शव शनिवार की सुबह संदिग्ध हालात में गांव के बाहर फंदे पर लटकता पाया गया है। युवक के परिजनों ने उसकी ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि घटना को लेकर …

सीतापुर। कोतवाली क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक नवविवाहिता ने पहले खुदकुशी कर ली। उसके बाद विवाहित के पति का भी शव शनिवार की सुबह संदिग्ध हालात में गांव के बाहर फंदे पर लटकता पाया गया है। युवक के परिजनों ने उसकी ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि घटना को लेकर अभी किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

मृतक युवक और उसकी पत्नी की शादी की तारीख तय हो गई थी, लेकिन उस तारीख से पहले ही दोनों ने आपस में बातचीत करने के बाद स्वयं शादी कर ली थी। जिसको लेकर दोनों के परिवार वालों में मनमुटाव चल रहा था। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जानकारी हो कि कोतवाली मिश्रिख के ग्राम बदौंवा निवासी वीरपाल पुत्र बंसी की शादी पांच माह पहले थाना पिसावा के ग्राम पिपरी से तय हुई थी। जिसका 28 जून को तिलक व 30-जून को शादी होनी थी। लेकिन इससे पहले लड़की ने लड़के को फोन करके अपने गांव बुलाया।

लड़का गुजरात में काम करता था। काम छोड़कर लड़की से मिलने आया। जब लड़का गांव के बाहर लड़की से मिलने गया, तो लड़की ने कहा कि हम यहां नहीं रुकेंगे। तुम्हारे साथ ही रुकेंगे। इस पर लड़के ने कहा कि कुछ दिन की बात है। शादी होने के बाद साथ ही रहेंगे, लेकिन लड़की यह बात न मानकर लड़के के साथ घर चली गई। जहां पर लड़के के पिता और मां ने 16 जून को रिश्तेदारों को बुलाकर अपने ही घर में बिना दान दहेज के शादी कर दी। पति-पत्नी खुश रहने लगे।

सूत्र बताते हैं कि दो दिन से लड़की कुछ गुमसुम सी रह रही थी। सास के द्वारा पूछा गया कि क्या कोई बात है। लेकिन लड़की ने कुछ नहीं बताया। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे ससुर और पति खेत पर धान लगाने गए थे। सास शौंच के लिए बाहर गई थी। इसी बीच लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सास ने वापस आकर देखा तो पैरो तले जमीन खिसक गई। लड़की फंदे से लटकती मिली। जिसकी सूचना ससुर और पति को दी गई। पति ने लड़की पक्ष को सूचित किया। लड़की पक्ष वाले आए और परिवारी जनों को गाली देने लगे। सास को मारा पीटा। लड़के को जान से मारने की धमकी दी। इस धमकी से लड़का डर गया। वह घर के बाहर चला गया।

जब विवाहिता का शव पोस्टमार्टम के चल गया। उसके बाद पता किया गया तो लड़का गायब मिला। जिसकी खोजबीन की गई। रात दो बजे तक खोजबीन करने के बाद लड़के का कुछ पता नहीं चला। पुनः सुबह जब खोजबीन शुरू की गई तो 6 बजे लड़के का शव एक बाग में पेड़ से लटकता मिला। जिस पर माता-पिता व ग्राम वासियों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। लड़के के शरीर पर काफी चोटों के निशान प्रतीत हो रहे है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार