बरेली: वीरांगना पार्क अब नहीं रहा वीराना, 5 लाख रुपए से हुआ सौंदर्यीकरण
बरेली, अमृत विचार। कई वर्षों से बदहाल पड़ा कैंट क्षेत्र स्थित वीरांगना पार्क अब गुलजार हो गया है। छावनी परिषद के रक्षा संपदा विभाग ने पांच लाख रुपये की लागत से पार्क का सौंदर्यीकरण कराया है। सैन्य कर्मी व आमजनों की सुविधा को देखते हुए पार्क में अनेक व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर आमजनों के लिए …
बरेली, अमृत विचार। कई वर्षों से बदहाल पड़ा कैंट क्षेत्र स्थित वीरांगना पार्क अब गुलजार हो गया है। छावनी परिषद के रक्षा संपदा विभाग ने पांच लाख रुपये की लागत से पार्क का सौंदर्यीकरण कराया है। सैन्य कर्मी व आमजनों की सुविधा को देखते हुए पार्क में अनेक व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर आमजनों के लिए इसे खोल दिया गया है।
मरम्मत व रखरखाव के अभाव में वीरांगना पार्क में बैठने व सुरक्षा आदि की व्यवस्थाएं बदहाल पड़ी थीं। लोगों ने कई बार अधिकारियों से इसे दुरुस्त कराने की मांग की थी लेकिन विभागीय बजट के अभाव में पार्क में मौजूद सुविधाएं दुरुस्त नहीं हो पा रही थीं। बहरहाल, छावनी परिषद ने वार्षिक बजट के जरिये पार्क में बाउंड्रीवाल, बेंच, गेट और फव्वारे की खराबी को ठीक कर शुरू करा दिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कुल पांच लाख की लागत से पार्क का सौंदर्यीकरण कराया गया है।
फव्वारा बना आकर्षण का केंद्र
पार्क में निर्मित फव्वारा सबसे ज्यादा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। फव्वारे के पास लगाई गई लाइटों से शाम के वक्त इसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। छावनी के अधिकारियों ने यहां रंग-बिरंगी लाइट लगवाई हैं। इसे देखने के लिए वैसे तो दिनभर लोगों का आना जाना होता है लेकिन दोपहर बाद पार्क में लोगों को अच्छी-खासी तादाद देखी जा सकती है।
चहलकदमी के लिए फ्लोर टाइल बिछाए गए हैं ताकि बरसात में जल जमाव की स्थिति न बने। उधर पार्क में लोगों को आराम से बैठने के लिए उच्च गुणवत्ता युक्त बेंचों को स्थापित किया गया है। पार्क की साफ-सफाई के लिए कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
पार्क की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है और आमजनों की सुविधा के लिए खोल दिया गया है। पार्क की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर सुचारू करा दिया गया है। भविष्य में पार्क को और सुंदर बनाने के लिए विभागीय चर्चा की जा रही है। संभव होने पर और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। – आरके माहेश्वरी, अभियंता, बरेली कैंट बोर्ड
यह भी पढ़ें-
भारत में कोरोना के मामलों को लेकर बोले विशेषज्ञ- एक दर्ज हुआ तो 30 का पता ही नहीं
