गोरखपुर: कड़ी सुरक्षा के बीच छात्रा का हुआ अंतिम संस्कार, छात्र नेताओं जताया विरोध
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में 31 जुलाई शनिवार को परीक्षा देने गई बीएससी थर्ड ईयर की छात्रा द्वारा गृह विज्ञान के स्टोर रूम में फंदे से लटकता हुआ शव मिलने के पश्चात तमाम घटनाक्रमों के बाद सोमवार को सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच राजघाट स्थित राप्ती तट पर छात्रा का अंतिम संस्कार कराया गया। इस दौरान …
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में 31 जुलाई शनिवार को परीक्षा देने गई बीएससी थर्ड ईयर की छात्रा द्वारा गृह विज्ञान के स्टोर रूम में फंदे से लटकता हुआ शव मिलने के पश्चात तमाम घटनाक्रमों के बाद सोमवार को सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच राजघाट स्थित राप्ती तट पर छात्रा का अंतिम संस्कार कराया गया। इस दौरान डीएम और एसएसपी खुद भारी फोर्स के साथ मौजूद रहे। वहीं, दूसरी ओर गोरखपुर विश्वविद्यालय पर छात्र नेताओं ने छात्रा की मौत पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को वहां से खदेड़ा। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी कैंपस पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
इसके पूर्व रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने जिलाधिकारी विजय किरन आनंद से संस्तुति प्राप्त कर दो डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी कराते हुए पूरा पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें लड़की की मौत फांसी पर लटकते से होना दर्शाया गया है। अब पुनः वीडियो ग्राफिक 5 डॉक्टरों की पैनल परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी उसके आधार पर धाराओं में परिवर्तन किया जाएगा। लड़की के परिजनों के आग्रह पर विवेचना कैंट क्षेत्र के किसी अधिकारी से ना कराकर क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा जगतराम कनौजिया द्वारा कराया जा रहा है। उक्त घटनाक्रम से संबंधित किसी के द्वारा अगर किसी तरह का अफवाह फैलाया जाता है तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जाएगा।
बता दें कि शनिवार की दोपहर शाहपुर के शिवपुर सहबाजगंज की रहने वाले विनोद की बेटी बीएससी की छात्रा प्रियंका कुमारी की यूनिवर्सिटी में ही फंदे से लटकती संदिग्ध लाश मिली थी। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रा की मौत को आत्महत्या बताया था। पुलिस इस मामले को आत्महत्या के पहलु पर जांच कर रही थी, लेकिन तमाम हंगामों और छात्रा की मौत पर परिवार के पांच सवालों में उलझने के बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
उधर, बीजेपी के नगर विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल से लेकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस मामले में राजनीति शुरू कर दी है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से विश्वविद्यालय में भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई है। ताकि किसी तरह की कोई अप्रिय घटना न होने पाए। सुबह से ही यूनिवर्सिटी गेट पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ ही महिला पुलिस व पीएसी भी तैनात कर दी गई है। जबकि एलआईयू टीम को भी यहां निगरानी के लिए अलर्ट कर दिया गया है।
