मुरादाबाद: प्रेमी संग मिलकर बहन ने कराई सौतेले भाई की हत्या, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रेम में रोड़ा बने सौतले भाई की बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करा दी। पचास हजार रुपये के लालच में युवक की प्रेमिका भी इस षडयंत्र में शामिल हो गई। गमछे से गला घोंट दिया। इसके बाद उसी गमछे से उसके पैर बांध दिए और दो कट‌्टों में सात-सात ईंटें …

मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रेम में रोड़ा बने सौतले भाई की बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करा दी। पचास हजार रुपये के लालच में युवक की प्रेमिका भी इस षडयंत्र में शामिल हो गई। गमछे से गला घोंट दिया। इसके बाद उसी गमछे से उसके पैर बांध दिए और दो कट‌्टों में सात-सात ईंटें बांधकर शव को जयंतीपुर के नाले में डाल दिया। हत्यारोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने युवक के शव को बरामद कर लिया है। मुगलपुरा पुलिस ने इस मामले में मृतक की प्रेमिका समेत दो को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, मृतक की बहन और उसका प्रेमी फरार हैं।

घटना का खुलासा करते हुए एएसपी/सीओ कोतवाली अनिल कुमार यादव ने बताया कि मुगलपुरा थानाक्षेत्र के मोहल्ला लालबाग रामगंगा कालोनी की गली नंबर तीन में रहने वाले ओमप्रकाश ने सोमवार को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका 28 वर्षीय पुत्र गगन उर्फ गौतम 13 जुलाई से गायब है। उन्होंने अपनी पुत्री नंदनी और उसके प्रेमी प्रदीप पर गगन को गायब करने का संदेह जताया था।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली। घटना के खुलासे के लिए मुगलपुरा पुलिस के साथ सर्विलांस सैल को भी लगाया गया। पुलिस ने इस मामले में ममता निवासी लालबाग रामगंगा कालोनी मुगलपुरा, हाल निवासी जिगर कालोनी सिविल लाइंस और वीरु उर्फ हरीश पुत्र मुन्नू उर्फ मुनेश निवासी नई आबादी जयंतीपुर थाना मझोला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वीरु की निशानदेही पर गगन उर्फ गौतम का शव जयंतीपुर के नाले से बरामद कर लिया।

पूछताछ में ममता और वीरु ने बताया कि गगन की सौतेली बहन नंदनी मोहल्ले में ही रहने वाले प्रदीप से प्यार करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी। उसका सौतेले भाई गगन उर्फ गौतम इसके खिलाफ था। नंदनी ने ही अपने भाई की हत्या की योजना बनाई थी। उसने 50 हजार रुपये का लालच देकर गगन की प्रेमिका ममता को भी इस षड़यंत्र में शामिल कर लिया। करीब एक महीने पहले गगन अपनी पत्नी राधा के साथ कटघर कोतवाली क्षेत्र के गांव बल्देवपुरी स्थित ससुराल में रह रहा था।

नंदनी अच्छी तरह जानती थी कि गगन उसके बुलाने पर नहीं आएगा। इसके लिए उसने गगन की प्रेमिका ममता को 50 हजार रुपये का लालच दिया। योजना के तहत 13 जुलाई को ममता ने गगन को फोन करके हर्बल पार्क बुलाया। नंदनी का प्रेमी प्रदीप अपने साथी वीरु के साथ पहले से ही वहां मौजूद था। ममता और गगन पार्क में टहलने लगे। इस दौरान प्रदीप ने ममता को नशीली कोल्ड ड्रिंक दे दी।

जिसे उसने गगन को पिला दिया। बेहोश होने के बाद प्रदीप और वीरु उसे बाइक पर बैठाकर जयंतीपुर नाले के पास ले गए। वहां उन्होंने गगन और जमकर शराब पिलाई। इसके बाद गमछे से उसका गला घोंट कर हत्या कर दी। फिर उसी गमछे से गगन के पैर बांध दिए और दो कट्टों में सात-सात ईंटें बांधकर शव को नाले में डाल दिया। वीरु की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार को शव बरामद कर लिया। पुलिस मृतक की सौतेली बहन और उसके प्रेमी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार, सर्विलांस सैल के प्रभारी एसआई आशीष कुमार व उनकी टीम, एसआई नितेश सहरावत, ताजवर सिंह, जगजीत सिंह, महिला एसआई राजवेंद्र कोर, कांस्टेबल संगम कसाना, नीरज कुमार, समीर।

तीन महीने से घर से गायब थी ममता
हत्यारोपी ममता तीन महीने से अपने घर से गायब थी। स्वच्छंद स्वभाव की ममता को बंदिशों में रहना पसंद नहीं था। परिजनों की रोकटोक के चलते वह घर छोड़कर चली गई थी। हाल में वापस लौटी तो परिजनों ने पूछताछ की। तब ममता ने बताया था कि वह बरेली में पुलिस भर्ती में शामिल होने गई थी। वर्तमान में वह जिगर कालोनी में अकेली रहती थी। उसके कारनामे का पता लगने से परिजन सन्न रह गए।

साढ़े छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मिला गगन का शव
गगन का शव तलाशने में पुलिस को साढ़े छह घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दरअसल ममता को यह तो पता था कि गगन के शव को नाले में फेंका गया है मगर उसे जगह का पता नहीं था। इसलिए उसने पुलिस को कटघर का नाला बता दिया। करीब ड़ेढ़ घंटे तक पुलिस इस नाले को खंगालती रही। जब वहां शव नहीं मिला तो वीरु से पूछताछ की गई। तब उसने बताया कि शव जयंतीपुर नाले में फेंका था। इसके बाद करीब पांच घंटे तक जयंतीपुर के नाले को खंगाला गया। पांच घंटे की मशक्कत के बाद गगन का सड़ा गला शव बरामद हो सका।

शवों का डंपिंग ग्राउंड बना जयंतीपुर का नाला
जयंतीपुर का नाला लाशों के लिए डंपिंग ग्राउंड बन गया है। इससे पहले भी इसी जगह से दो शव बरामद किए जा चुके हैं। मझोला थानाक्षेत्र में प्राइवेट शिक्षिका की हत्या करने के बाद हत्यारों ने शव को इसी नाले में फेंका था। इसके कुछ ही दिन बाद मझोला थानाक्षेत्र के ही निवासी ट्रांसपोर्टर के पुत्र मगन का शव भी इसी स्थान से बरामद किया गया था। मझोला बिजली घर में हत्या करके उसके शव को गद्दे में लपेट कर हत्यारों ने इसी नाले में फेंक दिया था।

सौतेले पिता ने गगन को कर दिया था बेदखल
सौतेले पिता ओमप्रकाश ने गगन को अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया था। अमरोहा निवासी जगदीश की पत्नी कलावती ने 25 साल पूर्व ओमप्रकाश से दूसरी शादी कर ली थी। ओमप्रकाश की पहली पत्नी से दो बेटी पूजा और नंदनी हैं। जबकि कलावती की तीन बेटी बबीता, पप्पी व मीना तथा एक बेटा गगन था। नंदनी के अलावा सभी की शादी हो चुकी है। नंदनी पिता के मकान की अकेली मालिकन बनना चाहती थी और प्रदीप से शादी भी करना चाहती थी। ममता एक ओर जहां नंदनी की सहेली है वहीं प्रदीप की रिश्तेदार भी है। इसलिए वह नंदनी के कहने पर उसका साथ देने के लिए तैयार हो गई।

राधा के आने से खुल गया राज
गगन की पत्नी राधा के मायके में कोई कार्यक्रम था। इसी का कार्ड देने के लिए वह ससुराल आई थी। यहां आकर उसने पति के बारे में पूछा तो नंदनी ने बहाना बना दिया। इतना ही नहीं उसने राधा के साथ मिलकर गगन को तलाशने का नाटक भी किया। राधा समझ रही थी कि उसका पति अपने पिता के पास है और पिता समझ रहे थे कि वह ससुराल में है। राधा के आने पर नंदनी की हिम्मत टूट गई और उसने पिता को गगन की हत्या की बात बता दी। इसके बाद ओमप्रकाश ने थाने जाकर पुलिस को पूरी बात बताई और तहरीर दी। इस बीच मौका पाकर नंदनी और उसका प्रेमी फरार हो गए।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Parliament Monsoon Session Day 5: राज्यसभा में हंगामे के बाद कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित, CJP से बातचीत के लिए कंस्टीट्यूशन क्लब पहुंचे जेपी नड्डा
गोमती नदी में उतरकर किसानों का अनोखा प्रदर्शन, 40 मिनट तक पानी में खड़े रहे; प्रशासन को सौंपा 108 सूत्रीय ज्ञापन
Ken-Betwa Project: मध्य प्रदेश के अमित भटनागर ने खत्म किया 18 दिन बाद अपना अनशन, मां के कहने पर लिया फैसला; जानिए पूरा मामला
UP T20 League 2026: आज होगा मिनी ऑक्शन, 250 से ज्यादा खिलाड़ियों पर लगेगी बोली; नोएडा के पास सबसे बड़ा पर्स
श्रावण मास 2026: काशी में सुरक्षा का मेगा प्लान, वाराणसी 5 जोन और 15 सेक्टर में बंटेगा; 5,000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात