लखनऊ: राजधानी में जमीनी विवाद में फिर हुआ रिश्तों का कत्ल, इलाके में दहशत
लखनऊ। जमीन के एक टुकड़े के लिए गुरुवार को निगोहां में एक बार फिर से रिश्तों का कत्ल हो गया। जमीनी विवाद में बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से काटकर छोटे भाई की हत्या कर दी। बीचबचाव करने आई मृतका की पत्नी व बच्चों को भी आरोपी ने घायल कर दिया। हत्या करने के बाद वह …
लखनऊ। जमीन के एक टुकड़े के लिए गुरुवार को निगोहां में एक बार फिर से रिश्तों का कत्ल हो गया। जमीनी विवाद में बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से काटकर छोटे भाई की हत्या कर दी। बीचबचाव करने आई मृतका की पत्नी व बच्चों को भी आरोपी ने घायल कर दिया। हत्या करने के बाद वह खुद ही थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। निगोहां के रामदासपुर गांव के रहने वाले बड़े भाई ने जमीनी विवाद के चलते अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी।
रामदासपुर गांव के रहने वाले राजकुमार व शिवकुमार दोनों सगे भाईयों के बीच जमीन को लेकर बीते काफी दिनों से विवाद चल रहा था। शिवकुमार गुरुवार सुबह अपने खेत पर गया था, वहां से घर वापस आते समय उसके बड़े भाई राजकुमार ने अपने परिजनों के साथ मिलकर शिवकुमार पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। चीखपुकार सुनकर जब मृतक की पत्नी व उसका पुत्र बीचबचाव करने आए तो दूसरे पक्ष ने उन्हें भी पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद भी राजकुमार का मन नहीं भरा और उसने कुल्हाड़ी उठाकर शिवकुमार के सिर पर वार कर मरणासन्न कर दिया। मामले की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मोहनलालगंज सीएचसी में भर्ती कराया, जहां इलाज केदौरान शिवकुमार (45) की मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक निगोहां नंदकिशोर ने बताया कि मृतक शिवकुमार और राजकुमार के कुल सगे चार भाई थे। उनके पिता ने बहुत पहले ही अपनी सम्पत्ति का बंटवारा अपने चारों बेटों के बीच कर दिया था, लेकिन राजकुमार इस बंटवारे से खुश नहीं था और दोबारा बंटवारा कराना चाह रहा था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद रहता था। गुरुवार को सुबह से ही दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान शिवकुमार अपने खेत पर चला गया। जब वह खेत से लौट रहा था, तबी उसके भाई ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पहले उसकी लाठी-डंडों से पीटकर मरणासन्न कर दिया। इतने से भी मन नहीं भरा तो आरोपी ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उसको मौत के घाट उतार दिया।
इलाके में इससे पहले बेटे ने की थी मां की हत्या
निगोहां इलाके में ही बीते दिनों के एक कलयुगी बेटे ने नशे में धुत होकर अपनी मां को मार डाला था। इस मामले में भी जमीन का विवाद था। बेटा अपनी मां से जमीन बेचने के लिए कह रहा था। मां द्वारा इनकार करने पर उसने उनकी हत्या कर दी थी। बेटे ने जमीन ना बेचने को लेकर अपनी मां की पिटाई की। इससे भी मन नहीं भरा तो उसने साड़ी से अपनी मां का गला कसकर उनकी हत्या कर दी थी। इसके बाद मां का शव घर के बाहर फेंककर वह मौके से फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया था।
