बाराबंकी: बेलगाम हुई असन्द्रा पुलिस! वर्दी के नशे में चूर दरोगा ने व्यापारी को कटीले तार से पीटा
बाराबंकी। योगीराज में पुलिस बेलगाम हो गयी है। पैसा कमाने के खातिर पुलिस बेगुनाहों को गुनाहगार बनाने में भी जरा सी भी पीछे नही है। एक मुर्गी फार्म व्यापारी ने जब थाना असन्द्रा के एक दरोगा को मुंह मांगी रकम देने से इंकार किया तो वर्दी के नशे में चूर उक्त दरोगा ने दबिश देकर …
बाराबंकी। योगीराज में पुलिस बेलगाम हो गयी है। पैसा कमाने के खातिर पुलिस बेगुनाहों को गुनाहगार बनाने में भी जरा सी भी पीछे नही है। एक मुर्गी फार्म व्यापारी ने जब थाना असन्द्रा के एक दरोगा को मुंह मांगी रकम देने से इंकार किया तो वर्दी के नशे में चूर उक्त दरोगा ने दबिश देकर व्यापारी को पकड़ करके कटीले तारों से जमकर पिटाई कर दी। जख्मी हालत में व्यापारी किसी तरह से अंधेरे का लाभ उठाकर वहां से निकल भागा तो अपनी खीज मिटाने के खातिर दरोगा एक पूर्व ग्राम प्रधान के पुत्र को ही पकड़ कर थाने ले आये।
पीड़ित व्यापारी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगायी है। जानकारी के अनुसार, थाना असन्द्रा के ग्राम पूरे कचार मजरे हकामी निवासी धर्मराज यादव पुत्र रामशंकर यादव गांव में ही एक मुर्गी फार्म खोलकर अपनी व अपने परिवार की जीविका चला रहा था। कुछ दिन पूर्व थाना असन्द्रा के एक दरोगा की नजर व्यापारी के मुर्गी फार्म पर पड़ी तो दरोगा ने व्यापारी को फोन करके अपने पास बुलाया। दरोगा ने उससे दस हजार रुपये मांगे साथ ही में यह कहा कि अगर तुमको अपना मुर्गी फार्म चलाना है तो मुझे 50 हजार रुपये एडवांस में लाकर देदो।

पीड़ित व्यापारी ने साफ शब्दो में कहा कि मेरे पास इतने पैसे नही हैं। लेकिन दरोगा व्यापारी को लगातार धमकी देता रहा। बीती रविवार की शाम हल्का दरोगा ने पुनः व्यापारी धर्मराज के मोबाइल नम्बर पर फोन करके यह कहा कि मैंने जो तुमसे कहा था वह रकम लेकर तुम आ रहे हो कि नहीं आ रहे हो। अगर नहीं आओगे तो तुमको तुम्हारा काम नहीं करने देंगे। साथ ही में किसी फर्जी मुकदमें में फसाकर तुमको जेल भेज देंगे। जब व्यापारी ने कहा कि साहब जो तुमने मुझसे पैसों की डिमांड की है और जो धमकी दी है वह सब मेरे मोबाइल में रिकार्ड हो गया है। मैं यह रिकार्डिंग लेकर कल पुलिस अधीक्षक के सामने पेश होकर आपकी शिकायत करुंगा।
इतना कहने के बाद दरोगा ने व्यापारी से कुछ नहीं कहा। लेकिन रविवार रात करीब 11 बजे उक्त दरोगा अपने साथ दो तीन पुलिसकर्मियों को लेकर धर्मराज के मुर्गी फार्म पर छापा मार दिया। वहीं पर सो रहे धर्मराज को पकड़ने के बाद दरोगा ने सबसे पहले अपनी कॉल रिकार्डिंग खुद डिलीट कर दी और उसके बाद में सिपाहियों के साथ मिलकर व्यापारी की जमकर पिटाई कर दी। इतने से जब दरोगा का पिटाई से मन नहीं भरा तो अवारां पशुओं की सुरक्षा के लिये खेतों में लगाये गये कटीले तार को उखाड़कर दरोगा ने व्यापारी को मारापीटा। पूरी तरह से लहूलुहान घायल व्यापारी उस दौरान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर वहां से निकल भागा।
पुलिसकर्मियों ने व्यापारी को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन उसमें सफल नही हुए। अपनी खीज मिटाने के खातिर पुलिसकर्मियों ने कुछ दूरी पर एक खेत में सो रहे पूर्व प्रधान के पुत्र को पकड़कर थाने ले आयी। पुलिस की पिटाई से घायल व्यापारी धर्मराज यादव सोमवार सुबह जिला मुख्यालय पहुंचा और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद व अन्य अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगायी। पीड़ित व्यापारी का कहना था कि उक्त दरोगा ने मुझे धमकी दी कि तुमको किसी गम्भीर मुकदमें फंसा करके तुम्हारी जिंदगी बरबाद कर देंगे। साथ ही में उसका यह भी कहना था कि अगर मैं दरोगा की बात मान लेता तो मेरा कुछ न होता। लेकिन इतनी मोटी रकम मैं कहां से देता।
वहीं दूसरी तरफ थाना असन्द्रा में तैनात आरोपी दरोगा का कहना था कि धर्मराज एक शातिर अपराधी है और वह खुलेआम लोगों को जान से मारने की धमकियां दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि न तो उसने धर्मराज से कोई रकम मांगी है न ही मैंने इसकी पिटाई ही की है। वहीं जब इस मामले में थाना प्रभारी असन्द्रा शिवाकांत त्रिपाठी से जानकारी की गयी तो उन्होंने यह कहा कि उक्त प्रकरण मेरी जानकारी में नहीं है अगर मुझे शिकायती पत्र मिलता है तो जांच करवाकर कार्यवाही कराऊंगा। गौरतलब हो कि वर्तमान समय में थाना असन्द्रा की पुलिस पूरी तरह से बेलगाम हो चुकी है। आयेदिन किसी न किसी मामले में सुर्खियों में बनी रहती है।
