मुरादाबाद: रोडवेज के खिलाफ भड़का परीक्षार्थियों का गुस्सा, बस स्टैंड पर हंगामा
मुरादाबाद,अमृत विचार। बीएड की प्रवेश परीक्षा देने मेरठ, गाजियाबाद सहित अन्य जनपदों को जाने के लिए बसें न मिलने पर परीक्षार्थियों का गुस्सा भड़क उठा। गुस्साए परीक्षार्थियों ने बस स्टैंड पर ही हंगामा शुरू कर दिया। परीक्षार्थियों के आक्रोश को देखते हुए पूछताछ काउंटर पर बैठे कर्मचारी भी भाग खड़े हुए। बाद में बसों की …
मुरादाबाद,अमृत विचार। बीएड की प्रवेश परीक्षा देने मेरठ, गाजियाबाद सहित अन्य जनपदों को जाने के लिए बसें न मिलने पर परीक्षार्थियों का गुस्सा भड़क उठा। गुस्साए परीक्षार्थियों ने बस स्टैंड पर ही हंगामा शुरू कर दिया। परीक्षार्थियों के आक्रोश को देखते हुए पूछताछ काउंटर पर बैठे कर्मचारी भी भाग खड़े हुए। बाद में बसों की व्यवस्था की गई, लेकिन उनमें भीड़ अधिक होने के कारण परीक्षार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को दिल्ली एनसीआर सहित मेरठ, मुज्जफरनर में बीएड की प्रवेश परीक्षा होनी है। सुबह 9 बजे से परीक्षा होने के कारण मुरादाबाद सहित ठाकुरद्वारा, अगवानपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के परीक्षार्थी रविवार को ही मुरादाबाद डिपो पहुंचे थे। दोपहर एक बजे से ही परीक्षार्थियों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई।
शाम साढ़े चार बजे तक बसें न मिलने के कारण आखिरकार परीक्षार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। बस स्टैंड के गेट पर खड़े होकर परीक्षार्थियों ने प्रदर्शन कर हंगामा शुरू कर दिया। जिससे बस स्टैंड पर बसों के पहिये थम गए। आधा घंटे तक हंगामा होने के कारण परिवहन निगम अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गये। इसके बाद एआरएम सोमपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे परीक्षार्थियों को समझाकर शांत किया।
