लखनऊ में बढ़ा डायरिया का प्रकोप, दो बच्चों की मौत, 22 लोग बीमार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। राजधानी के बालू अड्डे स्थित संजय गांधी नगर में गांदा पानी पीने से सोमवार को जहां दो बच्चों की मौत हो गयी वहीं 22 लोग बीमार हो गये। एक दर्जन से अधिक लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमार लोगों में बच्चों की संख्या अधिक है। ​घटना की जानकारी मिलते ही …

लखनऊ। राजधानी के बालू अड्डे स्थित संजय गांधी नगर में गांदा पानी पीने से सोमवार को जहां दो बच्चों की मौत हो गयी वहीं 22 लोग बीमार हो गये। एक दर्जन से अधिक लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमार लोगों में बच्चों की संख्या अधिक है। ​घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को जरूरी दवाएं भी मुहैया करायी है। इस बारे में जानकारी देते हुए सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों की सेहत का हाल लिया। प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। विभागीय टीम ने इलाके में प्रभावितों को दवाएं बांटीं।

जरूरी इलाज भी मुहैया कराया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक बालू अड्डा में संजय नगर में एक साढ़े 11 माह के बच्चे को सुबह उल्टी-दस्त शुरू हुई। परिजन स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए तो उन्होंने बच्चे को महानगर स्थित निजी डॉक्टरों को दिखाने की सलाह दी। वहां जाने पर भी बच्चे को दिखाया नहीं जा सका। वहां से सिविल अस्पताल ले जाते समय रास्ते में बच्चे ने दम तोड़ दिया। कुछ ही समय बाद कानपुर से अपने जीजा लालजी के घर आए किशोर विकास राजभर (16) की भी उल्टी-दस्त शुरू हो गई। जब तक परिवारीजन उसे अस्पताल ले जाते उसकी सांसें थम गईं। परिजन शव लेकर कानपुर चले गए।

इन्हे अस्पताल में कराया गया भर्ती
सीएमओ ने बताया कि भर्ती मरीजों में सफी उम्र नौ वर्ष, मुनीर 5 वर्ष, इरम 5 वर्ष, समरीन 5 वर्ष, शिवम 17 वर्ष, रिया 9 वर्ष, रश्मी 4 वर्ष, शमा बानो 16 वर्ष और गौरिया 34 वर्ष का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

12 बच्चों की हालत बिगड़ी
लोगों ने बताया कि यहां सुबह आठ से 10 बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन परिवारीजन बच्चों को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया। बड़ी संख्या में लोग आस-पास की क्लीनिक से इलाज करा रहे हैं। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके नंद के मुताबिक 12 मरीज भर्ती हैं। इनमें बच्चों की संख्या 10 है। सभी की तबीयत स्थिर है।

कई दिनों से आ रहा गंदा पानी बना जानलेवा
संजय गांधी नगर के लोगों ने बताया कि यहां कई दिनों से गंदा पानी आ रहा है। शिकायत के बावजूद गंदे पानी की आपूर्ति बंद नहीं हुई। इलाके में काफी गंदगी है। गंदगी और प्रदूषित पानी ने इकलौते बच्चे को हमेशा के लिए छीन लिया। उल्टी-दस्त की चपेट में आकर दो लोगों की मौत से इलाके में दहशत फैल गई है।

कंट्रोल रूम को करें शिकायत
किसी भी इलाके में उल्टी-दस्त, बुखार आदि का प्रकोप है तो वह सीएमओ के कंट्रोल रूम नम्बर 0522-2622080 पर सूचना दे सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल राहत पहुंचाएगी।

संबंधित समाचार