बरेली: कबाड़ कारोबारी को बंधक बनाकर की लूटपाट
फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। धनेटा के पास हाइवे के किनारे पुलिस पिकेट से 50 मीटर की दूरी पर कबाड़ कारोबारी के घर में हथियारबंद बदमाशों ने नकदी और जेवर लूट लिये। विरोध करने पर व्यापारी को बदमाशों ने पीटकर घायल कर दिया। व्यापारी के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर बदमाश फरार हो गए। किसी तरह व्यापारी …
फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। धनेटा के पास हाइवे के किनारे पुलिस पिकेट से 50 मीटर की दूरी पर कबाड़ कारोबारी के घर में हथियारबंद बदमाशों ने नकदी और जेवर लूट लिये। विरोध करने पर व्यापारी को बदमाशों ने पीटकर घायल कर दिया। व्यापारी के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर बदमाश फरार हो गए। किसी तरह व्यापारी पुलिस पिकेट के पास पहुंचा तब पुलिस ने उसके हाथ खोले।
सूचना पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का मौका मुयाना किया। पुलिस घटना को लेकर पड़ोसी कबाड़ी पर शक कर रही है।
गांव चनेटा निवासी गिरीश गुप्ता ने बताया कि वह कबाड़ का कारोबार करते हैं। उन्होंने दो साल पहले से अपना एक मकान धनेटा चौराहे के पास हाइवे किनारे बनाया। वह अपने पत्नी बच्चों के साथ इसी मकान में रहते हैं। उनके मकान का एक गेट हाइवे की ओर और दूसरा गेट रेलवे लाइन की ओर है।
दूसरे गेट के सामने रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियां हैं। दो दिन पहले उनकी पत्नी बच्चे रिश्तेदार के यहां चले गये। उन्होंने बताया रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने रेलवे लाइन की ओर का गेट खोला। यहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाश उन्हें धक्का देते हुये घर के अंदर घुस गए। गेट अंदर से बंद कर लिया। एक बदमाश ने उनके ऊपर तमंचा तान दिया। विरोध करने पर मारपीट की। तमंचे की बट से उनके चेहरे पर कई बार किये। दो बदमाशों ने उनके हाथ रस्सी से और पैर कपड़े से बांध दिए।
काले कपड़े पहनकर आये थे बदमाश
उन्होंने बताया कि बदमाश काले कपड़े पहने थे। मुंह पर भी काला नकाब था। बदमाशों ने अलवारी की चाबी मांगी। जिस पर उन्होंने कह दिया कि चावी पत्नी ले गयी हैं तो तब अलमारी का गेट और लाकर तोड़कर उसमें रखे करीब पांच लाख रुपये नकद और करीब पांच तोला सोने के जेवरात लूट लिए।
चार घंटे चली लूटपाट
उन्होंने बताया कि करीब चार घंटे तक लूटपाट करने के बाद बदमाश करीब साढ़े बारह बजे रेलवे लाइन वाले गेट से बाहर निकल गए। वह आपस में एक दूसरे को पहलवान कहकर पुकार रहे थे। उनके निकलने के बाद किसी तरह से उन्होंने अपने पैर खोले और फिर पुलिस को जाकर सूचना दी।
