बरेली: नाम नहीं लेने पर भड़के विधायक श्याम बिहारी, बोले-इंडिगो को तमीज नहीं
बरेली, अमृत विचार। फ्लाइट के आरंभ होने के मौके पर फरीदपुर विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल को भी बतौर अतिथि बुलाया गया। उन्हें नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ के साथ मंच पर भी जगह दी गयी लेकिन विधायक का नाम इंडिगो की ओर से जारी की गयी उस स्पीच सूची में शामिल नहीं …
बरेली, अमृत विचार। फ्लाइट के आरंभ होने के मौके पर फरीदपुर विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल को भी बतौर अतिथि बुलाया गया। उन्हें नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ के साथ मंच पर भी जगह दी गयी लेकिन विधायक का नाम इंडिगो की ओर से जारी की गयी उस स्पीच सूची में शामिल नहीं किया गया, जो नागर विमानन मंत्रालय भेजी गयी और न ही स्थानीय एयरपोर्ट पर तैयार की गयी स्पीच में शामिल था।
इस बीच एयरबस के मुंबई से उड़ान भरकर बरेली पहुंचने के दौरान नागर विमानन मंत्रालय से बरेली एयरपोर्ट को वर्चुअल कनेक्ट किया और कार्यक्रम शुरू हो गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत अन्य ने कार्यक्रम को संबोधित किया जिसमें मंच पर बैठे दो अन्य विधायकों, मेयर का नाम तो लिया लेकिन श्यामबिहारी लाल का जिक्र भी नहीं आया।
यहां तक एयरपोर्ट पर हुए कार्यक्रम में भी उनका नाम का जिक्र किसी स्तर जब नहीं हुआ तो विधायक श्यामबिहारी खुद को अपमानित महसूस करने लगे और उनके सब्र का बांध टूट गया। वह मंच से उठकर माइक के पास पहुंचे और उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए इंडिगो को खरी-खोटी सुना दी। बोले-इंडिगो को तमीज नहीं है। मेरा नाम तक नहीं लिया किसी स्तर पर। यह बरेली का कार्यक्रम है, इसलिए कुछ नहीं कह रहा हूं। अतिथि बुलाकर सम्मान तक करना नहीं जानते। हालांकि, एयरपोर्ट निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ ने कहा कि इंडिगो के लिए इस संबंध में पत्र लिखा जाएगा।
