मुरादाबाद: 16 से खुलेंगे स्कूल-कॉलेज, स्वास्थ्य महकमा भी अलर्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश में 16 अगस्त से कक्षा छह से ऊपर के स्तर के स्कूलों में शिक्षण कार्य शुरू करने का आदेश सरकार ने दिया है। इसके क्रम में जिले में भी माध्यमिक स्तर के स्कूल कॉलेज खोलने की तैयारी की गई है। शिक्षा विभाग के साथ ही स्वास्थ्य महकमा भी पूरी तरह से …
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश में 16 अगस्त से कक्षा छह से ऊपर के स्तर के स्कूलों में शिक्षण कार्य शुरू करने का आदेश सरकार ने दिया है। इसके क्रम में जिले में भी माध्यमिक स्तर के स्कूल कॉलेज खोलने की तैयारी की गई है। शिक्षा विभाग के साथ ही स्वास्थ्य महकमा भी पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए स्कूल खुलने पर बच्चों की कोविड जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूलों में पहुंचेगी।
जिले के माध्यमिक स्तर के स्कूलों में शिक्षण कार्य शुरू होने पर कोरोना गाइडलाइंस का पालन तो छात्र-छात्राओं के साथ स्कूल प्रबंधन को तो करना ही है। स्वास्थ्य विभाग भी इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की कोविड जांच के लिए तैयारी में जुटा है। जिससे कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बच्चों को बचाने के उपाय किए जा सके। इन स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाले 19 वर्ष की आयु तक के छात्रों की कोरोना संक्रमण की जांच करने के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीमें स्कूलों में पहुंचेंगी। बुखार, खांसी से पीड़ित बच्चों की ट्रेसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्कूलों की संख्या के सापेक्ष कम है टीमों की संख्या
जिले में बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जूनियर हाई स्कूल स्तर के कक्षा छह से आठ के 365 स्कूल हैं। जिसमें हजारों की संख्या में छात्र पंजीकृत हैं। वहीं माध्यमिक स्तर के इंटर कॉलेजों की संख्या भी 1000 से अधिक है। जिसमें एक लाख से भी अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में स्कूलों में पहुंचने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने केवल 25 टीम गठित की है। जिसमें हर ब्लॉक में 2-3 टीमें कोविड जांच के लिए सैंपल एकत्र करेंगी। स्कूलों में पहुंचने वाली टीम एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच करेगी।
बीमार बच्चों को स्कूल ने भेजे अभिभावक
स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के क्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल के प्रधानाध्यापकों व प्राचार्य से बीमार बच्चों को कतई स्कूल में प्रवेश न देने की हिदायत दी है। गेट पर सैनिटाइजेशन व थर्मल स्क्रीनिंग करने के प्रबंध करने के भी निर्देश हैं। अभिभावकों को भी आगाह किया गया है कि वह बीमार बच्चों को स्कूलों में न भेजें।
सरकार के आदेश पर 16 अगस्त से माध्यमिक स्तर के स्कूल खुल रहे हैं। इन स्कूलों के छात्र-छात्राओं की कोरोना जांच के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम पहले चरण में ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचेगी। प्रत्येक ब्लॉक में दो से तीन टीमें पहुंचेंगी। बच्चों की कोविड जांच में यदि कोई कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो संबंधित स्कूल को सैनिटाइज कराने का कार्य किया जाएगा। साथ ही ऐसे बच्चों के संपर्क में आने वालों की कोविड जांच भी होगी।
-डॉ. जीएस मर्तोलिया, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, नोडल, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम।
यह भी पढ़ें-
मुरादाबाद: डीआरएम बोले- फिट रहने के लिए 30 मिनट रोज करें व्यायाम
