शिक्षक भर्ती मामला: टॉयलेट और पेयजल की सुविधा पर लगाी रोक, महिला अभ्यर्थियों को…
लखनऊ। बेसिक शिक्षा परिषद में 69000 हजार शिक्षक भर्ती के तहत 22 हजार पदों को जोड़ते हुए नियुक्ति की मांग कर रहे अभ्यर्थियों का आंदोलन पिछले 55 दिनों से लगातार जारी है। अभ्यर्थियों ने कभी मुख्यमंत्री आवास तो कभी बेसिक शिक्षा मंत्री का आवास तो कभी बीजेपी दफ्तर का घेराव कर अपनी मांग को रखने …
लखनऊ। बेसिक शिक्षा परिषद में 69000 हजार शिक्षक भर्ती के तहत 22 हजार पदों को जोड़ते हुए नियुक्ति की मांग कर रहे अभ्यर्थियों का आंदोलन पिछले 55 दिनों से लगातार जारी है। अभ्यर्थियों ने कभी मुख्यमंत्री आवास तो कभी बेसिक शिक्षा मंत्री का आवास तो कभी बीजेपी दफ्तर का घेराव कर अपनी मांग को रखने का प्रयास किया। बावजूद उसके जब सफलता नहीं मिली तो वह बेसिक शिक्षा निदेशालय निशातगंज शिविर कार्यालय के पीछे बनी पानी की टंकी पर चढ़कर अपना प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन में महिला अभ्यर्थी भी हैं, पिछले पांच दिनों से यहां चल रहे प्रदर्शन के दौरान सरकारी कार्यालयों में बने शौचालयों में महिला अभ्यर्थियों को जाने से रोक दिया गया है, अभ्यर्थियों को पीने के लिए पानी भी नहीं लेने दिया जा रहा है। मजबूरी में महिला अभ्यर्थियों ने वहीं पास की झाड़ी में छोटा से त्रिपाल लगाकर बाथरूम के लिए व्यवस्था की है।
अमृत विचार से अभ्यर्थियों ने साझा किया दर्द
अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठी महिला अभ्यर्थियों ने अमृत विचार से बातचीत करते हुए बताया कि पहले हम लोगों को धरने को समाप्त करने के लिए कहा गया, जब हम बात नहीं माने तो आज पांचवे दिन पास के कार्यालयों में बने शौचालयों में जाने से रोक दिया गया है, अभ्यर्थी रेखा, सुमन मौर्या, शोभा, दीक्षा सिंह, निधि तिवारी, प्रियंका मिश्रा, पिंकी त्यागी, लता पाण्डेय, शिखा ने बताया कि आज हम लोग पानी के टंकी के नीचे और हमारे सहयोगी ऊपर बैठे हैं लेकिन उनकी बात को सुनने के लिए सरकार तैयार नहीं है।
अभ्यर्थियों को एसडीएम ने किया मनाने का प्रयास
पानी टंकी पर चढ़े अभ्यर्थियों को मनाने में एसडीएम और पुलिस ने मनाने का प्रयास किया। लेकिन अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया कि उनको जब तक नियुक्ति पत्र नहीं दिया जायेगा वह नीचे नहीं उतरेंगे।
टंकी पर अभ्यर्थी कल फहरायेंगे तिरंगा
टंकी पर बैठे अभ्यर्थी स्वतंत्रता दिवस पर (15 अगस्त) पर टंकी के ऊपर ही झंडा फहराएंगे। वहीं से शिक्षक भर्ती के सभी पदों को भरे जाने की अपनी मांग को बुलंद करेंगे। शनिवार को पुलिस के अलावा, प्रशासन के अधिकारी भी निशातगंज स्थित एससीईआरटी परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़े अभ्यर्थियों से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन अभ्यर्थी बिना लिखित आश्वासन के उतरने को तैयार नहीं हुए।
