कानपुर: टैंकर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार
कानपुर देहात। गजनेर थाना पुलिस ने होटलों के सामने खड़े रहने वाले टैंकरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का डीजल बरामद कर लिया है। पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने बताया …
कानपुर देहात। गजनेर थाना पुलिस ने होटलों के सामने खड़े रहने वाले टैंकरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का डीजल बरामद कर लिया है। पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने बताया कि वह एचपीसीएल डिपो से डीजल लेकर निकलने वाले टैंकरों को निशाना बनाते थे। मौका पाकर टैंकर का ढक्कन तोड़कर पाइप के जरिए डीजल चोरी कर लेते थे। बाद में उसे आधे दामों में बेच देते थे। पुलिस ने हत्थे लगे गिरोह के चारों सदस्यों का चालान कर दिया है।
जबकि फरार चल रहे अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक टीम को लगाया गया है। गिरोह का खुलासा बुधवार को एएएसपी घनश्याम चौरसिया ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में किया। एएसपी ने बताया कि काफी समय से होटलों के सामने खड़े ट्रैंकरों से डीजल चोरी की घटनाएं हो रही थी। जिन टैंकरों से डीजल चोरी किया जाता था वह अधिकतर एचपीसीएल डिपो से डीजल लेकर निकलते थे। कई घटनाएं होने पर सीओ अकबरपुर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था।
इसी के तहत टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग पिकअप में चोरी के डीजल से भरी कैन लेकर जा रहे हैं। सूचना पर गजनेर थाना प्रभारी ज्ञान प्रकाश पांडे ने अपनी टीम के साथ ररुआ गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर ली। पुलिस ने संबंधित पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो उस पर सवार लोग गाड़ी छोड़कर भागने लगे। पीछा करके पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया। मौके से पुलिस ने पिकअप व 11 कैनों में भरा करीब 215 लीटर चोरी का डीजल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस सभी को थाने में ले आई।
बकौल एएसपी पकड़े गए आरोपी जिला फिरोजाबाद में थाना सिरसागं के ग्राम कौरार खुर्द निवासी सचिन सिंह सचान, ग्राम नगलामान सिंह मौजा कौरारा निवासी संदीप कुमार, कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद के ग्राम सिकैला मजरा औरंगपुर निवासी विवेक कुमार और जिला जालौन के थाना कालपी के वार्ड नौ निवासी बबलू उर्फ दीपू हैं। एएसपी ने बताया कि गैंग का सरगना सचिन सिंह सचान है।
पूछताछ में चारों ने बताया कि वह लोग मौका पाकर होटलों पर खड़े ट्रकों के ढक्कन तोड़ देते थे। बाद में पाइप के जरिए डीजल निकालकर कैन में भरकर फरार हो जाते थे। इसके बाद वह बंजारी ताला निवासी कल्लू को 43 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से डीजल बेच देते थे। बकौल एएसपी चारों आरोपियों का चालान कर दिया गया है। पूछताछ में कुछ होटल स्वामियों की भूमिका भी संदिग्ध मिली है। लिहाजा अन्य आरोपियों की तलाश में एक टीम को लगाया गया है।
