बरेली: जंक्शन पर ट्रेनें निरस्त होने के बाद किराया वापसी को जूझे यात्री
बरेली, अमृत विचार। पंजाब में किसान आंदोलन की वजह से शुक्रवार देर रात जम्मू की ओर जाने वाली दो ट्रेनों को बरेली जंक्शन पर ही टर्मिनेट कर दिया गया था जिसके बाद स्टेशन पर यात्रियों ने जमकर हंगामा काटा। यात्रियों ने स्टेशन मास्टर का घेराव शुरू कर दिया। नतीजा यह हुआ के आरक्षण कार्यालय में …
बरेली, अमृत विचार। पंजाब में किसान आंदोलन की वजह से शुक्रवार देर रात जम्मू की ओर जाने वाली दो ट्रेनों को बरेली जंक्शन पर ही टर्मिनेट कर दिया गया था जिसके बाद स्टेशन पर यात्रियों ने जमकर हंगामा काटा। यात्रियों ने स्टेशन मास्टर का घेराव शुरू कर दिया। नतीजा यह हुआ के आरक्षण कार्यालय में अधिकारियों को देर रात चार काउंटर खोलकर यात्रियों का पैसा वापस करना पड़ा। सुबह करीब 6 बजे तक यात्री दूसरी ट्रेनों से जाने और अपना किराया वापस लेने के लिए जूझते रहे।
बता दें कि जंक्शन पर 02237 बेगमपुरा और 04655 माता श्री वैष्णो देवी एक्सप्रेस को टर्मिनेट किया गया था। वहीं पंजाब जाने वाली कई ट्रेनें रामपुर और मुरादाबाद में टर्मिनेट की गईं। बरेली जंक्शन पर ट्रेन टर्मिनेट होने के बाद जब यात्रियों के सब्र का बांध टूटा तो खूब हंगामा किया गया। आनन-फानन में चार काउंटर खोलकर यात्रियों को उनका पैसा वापस दिया गया। अधिकारियों की माने तो कुल 185 यात्रियों ने अपने टिकट वापस कराये, जिनका करीब 85 हजार रुपये भुगतान किया गया है।
बोर्डिंग स्टेशन से बरेली जंक्शन तक जितना किराया बनता है उसे काटकर यात्रियों को उनका पैसा वापस कर दिया गया। पैसा वापस होने के बाद यात्रियों के सामने अपने गंतव्य तक जाने का संकट था लिहाजा बाघ एक्सप्रेस, पदमावत एक्सप्रेस, फैजाबाद एक्सप्रेस, सत्याग्रह और महामना एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में यात्रियों को बैठाया गया। रायबरेली के रहने वाले देवेंद्र श्रीवास्तव ने बताया की उनके साथ बच्चे हैं बिना किसी सूचना के अचानक ट्रेन को टर्मिनेट कर दिया गया जिससे यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
लखनऊ से कटरा जा रहे अमित त्रिपाठी ने बताया कि अचानक बरेली जंक्शन पर उतार दिया गया है। अधिकारियों को उन्हें उनके गन्तव्य तक पहुंचाना चाहिए या फिर ट्रेन जहां से आई है वहां वापस भेज दिया जाए। स्टेशन से कई यात्री रोडवेज के लिए निकले और बसों में सवार होकर उन्हे जाना पड़ा।
बता दें कि ट्रेन संख्या 02237 को चनहेटी स्टेशन पर रोका गया था जिसे जंक्शन पर टर्मिनेट होना था। 04655 गाजीपुर-कटरा एक्सप्रेस के यात्री पहले से ट्रेन टर्मिनेट होने के बाद हंगामा कर रहे थे ऐसे में बेगमपुरा एक्सप्रेस को जंक्शन पर टर्मिनेट कराने के लिए अधिकारियों ने कई घंटे लगा दिए। पहली ट्रेन के यात्रियों की भीड़ कम होने के बाद देर रात करीब 2 बजकर 40 मिनट पर 02237 ट्रेन स्टेशन पहुंची। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह राणा ने बताया कि यात्रियों का आक्रोश देखते हुए जीआरपी ने अपनी फोर्स को अलर्ट कर दिया गया था। व्यवस्था बनाने के लिए देर रात तक जीआरपी के कर्मचारी डटे रहे।
मुरादाबाद मंडल से गुजरने वाली 14 ट्रेनें निरस्त
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि फिरोजपुर मंडल के जालंधर-चिहेरू सेक्शन पर किसान आंदोलन के चलते मुरादाबाद मंडल से गुजरने वाली करीब 14 ट्रेने निरस्त की गई हैं। जिनमें 04664 अमृतसर देहरादून, 04663 देहरादून-अमृतसर, 02053 हरिद्वार-अमृतसर, 04609 ऋषिकेश-कटरा, 04610 कटरा-ऋषिकेश, 02238 बेगमपुरा,04688 सहरसा गरीब रथ,02588 जम्मूतवी-गोरखपुर, 04650 अमृतसर-जयनगर,02054 अमृतसर-हरिद्वार जनशताब्दी, 04684 अमृतसर-लालकुआं शनिवार को निरस्त रहीं। जबकि रविवार 22 अगस्त को 04687 सहरसा-अमृतसर गरीब रथ, सोमवार 23 अगस्त को 04673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस और 25 अगस्त बुधवार को 05653 गुवहाटी-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
