बरेली: एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संजय शर्मा, बरेली। बरेली में एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यहां नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी भी शुरू हो गई है। ठग खुलेआम शहर के गली-मोहल्लों, खोखों व खंभों पर पोस्टर लगाकर ठगी कर रहे हैं। वह खुद को इंडिगो एयरलाइंस का अधिकारी बता रहे हैं। नवादा शेखान के एक युवक से भी ठग …

संजय शर्मा, बरेली। बरेली में एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यहां नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी भी शुरू हो गई है। ठग खुलेआम शहर के गली-मोहल्लों, खोखों व खंभों पर पोस्टर लगाकर ठगी कर रहे हैं। वह खुद को इंडिगो एयरलाइंस का अधिकारी बता रहे हैं। नवादा शेखान के एक युवक से भी ठग ने इंडिगो एयरलाइंस का अफसर बताकर ठगी कर ली।

ठग ने पहले 12,000 से 22,000 रुपये तक की नौकरी दिलाने की बात कहकर डिग्री, मार्कशीट और आधार कार्ड मांगा। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस की बात कह लोगों से अपने अकाउंट में रकम डलवाये। रकम देने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, तो उसने पुलिस से शिकायत की। ठगों के पोस्टर में अनपढ़ से स्नातक, आईटीआई और पॉलिटेक्निक उत्तीर्ण लोगों को भी नौकरी दिलाने की बात कही गई है।

बारादरी के नवादा शेखान निवासी गगन आनंद ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले एक पोल पर पोस्टर देखा था। उसमें लिखा था कि एयरपोर्ट में डायरेक्ट भर्ती। इसके बाद गगन ने पोस्टर पर लिखे नंबर पर फोन किया। फोन उठाने वाले ने उसे बताया कि वह इंडिगो कंपनी का अफसर बोल रहा है।

उसने गगन को एयरपोर्ट पर स्टोर कीपर की नौकरी देने की बात कहते हुए उससे तीन बार में अपने अकाउंट में 4850 रुपये डलवा लिए और ज्वाइंनिग लेटर और गेट पास मेल कर दिया। गगन ने एयरपोर्ट पहुंचकर जब नौकरी के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि वहां पर कोई भी पद रिक्त नहीं है और न ही इस तरह से वहां पर कोई भर्ती होती है। इसपर पीड़ित को ठगी का पता चला। उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसका नंबर ही ब्लैकलिस्ट कर दिया।

फर्जी लेटर में कई कमियां
गगन को ठगों ने जो गेट पास जारी किया है वह देखने में ही फर्जी लग रहा है। गेट पास पर गेट की स्पेलिंग ही गलत लिखी है। इसके अलावा अथोराइज्ड सिग्नेटरी की स्पेलिंग भी गलत लिखी है। इसमें अन्य कई तरह की गलतियां हैं।

पोस्टर चिपकाकर खुलेआम ठगी करने की शिकायत मिली है। उस पर दर्ज नंबर की जांच कराई जाएगी। ठगों को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई जाएगी। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार