बरेली: प्रवेश में 10 से अधिक नहीं जोड़े जाएंगे भारांक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश शुरू हो गए हैं। प्रवेश के दौरान एनसीसी, एनएसएस समेत अन्य भारांक भी शामिल होते हैं। विश्वविद्यालय ने प्रवेश नियमावली में भारांक के अंकों की संख्या के साथ इसको लेकर स्पष्ट निर्देश भी जारी कर दिए हैं। इसमें स्पष्ट किया …

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश शुरू हो गए हैं। प्रवेश के दौरान एनसीसी, एनएसएस समेत अन्य भारांक भी शामिल होते हैं। विश्वविद्यालय ने प्रवेश नियमावली में भारांक के अंकों की संख्या के साथ इसको लेकर स्पष्ट निर्देश भी जारी कर दिए हैं। इसमें स्पष्ट किया है कि भारांक 10 से अधिक नहीं शामिल किए जाएंगे।

नियमावली में मिड टर्म और मुख्य परीक्षा की संभावित तिथियां भी निर्धारित की हैं। इसके तहत दिसंबर में मिड टर्म और 1 अप्रैल से मुख्य परीक्षाओं का आयोजन कराया जाएगा। विश्वविद्यालय ने प्रवेश और शैक्षिक सत्र जारी करने की तिथियां भी प्रस्तावित नियमावली में प्रकाशित करायी हैं लेकिन शासन के निर्देश आने के चलते यह भिन्न हो गई हैं।

विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय के सेवारत या सेवानिवृत्त के कर्मचारियों के पुत्र, पुत्री, पति या पत्नी के लिए 10 अंक, एनसीसी के सी या जी 1 प्रमाण पत्र के 10 अंक, एनएसएस के दो शिविर पूर्ण करने व 240 घंटे की सेवाएं और एक शिविर पूर्ण करने व 240 घंटे की सेवाएं देने पर 10 अंक, सिर्फ 240 घंटे की सेवाएं देने पर 5 अंक के अलावा अन्य भारांक भी निर्धारित किए हैं। प्रवेश के दौरान छात्रों के भारांक शामिल किए जाते हैं। मेरिट भी भारांक के आधार पर जारी की जाती है।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर 10 से अधिक भारांक नहीं लिए जाएंगे। इससे साफ है कि यदि कोई छात्र 10-10 अंक के दो भारांक के साथ आवेदन करता है तो सिर्फ एक ही भारांक शामिल किया जाएगा। स्पोर्ट्स कोटे के अंतर्गत राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक खिलाड़ी के प्रवेश के लिए आवश्यक प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने पर कुलपति द्वारा विशेष अनुमति दी जा सकती है लेकिन यह नियम प्रवेश परीक्षा से होने वाले प्रवेश में लागू नहीं होगा।

संबंधित समाचार