मुरादाबाद: किसान आंदोलन से ट्रेनें लेट, आज तीन एक्सप्रेस निरस्त, कई का रूट बदला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। रक्षाबंधन के त्योहार में ट्रेन से यात्रा करने वाले परेशान हुए। पंजाब में किसान आंदोलन की वजह से ट्रेनों के संचालन प्रभावित है। तीन दिनों से कई ट्रेनें निरस्त चल रही हैं। जबकि मंडल मुख्यालय से होकर गुजरने वाली 14 ट्रेनों के यात्री खास तौर से तनाव में रहे। सोमवार को मंडल की …

मुरादाबाद,अमृत विचार। रक्षाबंधन के त्योहार में ट्रेन से यात्रा करने वाले परेशान हुए। पंजाब में किसान आंदोलन की वजह से ट्रेनों के संचालन प्रभावित है। तीन दिनों से कई ट्रेनें निरस्त चल रही हैं। जबकि मंडल मुख्यालय से होकर गुजरने वाली 14 ट्रेनों के यात्री खास तौर से तनाव में रहे। सोमवार को मंडल की तीन एक्सप्रेस ट्रेनों को निरस्त रखा गया है। बंगाल से पंजाब के बीच चलने वाली करीब 30 ट्रेनों का शेड्यूल बदल गया है।

पंजाब में किसान आंदोलन के मद्देनजर रेल प्रबंधन ने देश भी में 83 ट्रेनों के सारिणी में बदलाव की जानकारी दी है। इसमें ट्रेनों के निरस्त रहने, बीच-बीच में रोक कर चलाने, दूसरे मार्ग से चलाने की जानकारी दी गई है। सोमवार को ऋषिकेश से जम्मूतवी के बीच चलने वाली (04609/10) निरस्त रेहगी। जबकि देहरादून से अमृतसर के बीच चलने वाली (04663/64) को कैंसिल किया गया है। हरिद्वार से अमृतसर के बीच चलने वाली (02053/54) ट्रेन दोनों फेरे में निरस्त रहेगी। रविवार को ट्रेनों के निरस्त होने और विलंब से चलने की वजह से परेशान यात्री पूछताछ केंद्र पर गुस्सा में दिख रहे थे।

वाराणसी से जम्मू के बीच चलने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस, कोलकाता से अमृतसर के बीच चलने वाली अकालतख्त एक्सप्रेस के दोनों फेरे बदले रूट से चलेंगे, जबकि अमृतसर के जयनगर के बीच चलने वाली शहीद एक्सप्रेस रास्ते में रोककर चलाई जाएगी। इसी तरह अमृतसर से सहरसा के बीच चलने वाली जनसेवा भी सेक्शन में रोककर चलाई जाएगी।

जम्मू से हावाड़ा के बीच चलने वाली 02332 और हावड़ा से अमृतसर के बीच चलने वाली 03005 पंजाब मेल दूसरे रूट से चलेगी। यानी की रक्षाबंधन पर ट्रेन से सफर करने वालों को किसान आंदोलन भारी पड़ा है। वापसी में भी लोगों को ट्रेनों के देर से चलने की समस्या से जूझना पड़ेगा।

सवा दो घंटे देर से आई मालदा टाउन-दिल्ली एक्सप्रेस
कोरोना काल में सभी ट्रेनें स्पेशल कोटे से चलाई जा रही हैं। इस वजह से यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। उसके बाद भी ट्रेनों का समयबद्ध संचालन संभव नहीं हो पा रहा है। रविवार को मालदा टाउन से नई दिल्ली के बीच चलने वाली एक्सप्रेस सवा दो घंटे विलंब से यहां पहुंची। यह ट्रेन शनिवार की शाम नियम समय से चली।

यह गाड़ी बरेली आउटर पर सुबह दो घंटे तक खड़ी रही। मुरादाबाद इसके पहुंचने का समय 11:15 बजे है। लेकिन, रविवार को यह गाड़ी 1:30 बजे आई। लखनऊ से मुरादाबाद आ रहीं शहर के मानसरोवर कालोनी निवासी कल्पना शुक्ला का कहना है कि अधिक किराया चुकाने के बाद समय से सफर पूरा नहीं हो पा रहा है। रक्षाबंधन के दौरान ट्रेन के विलंब से चलने से दिक्कत हुई।

किसानों के आंदोलन की वजह से पंजाब की ओर से आने जाने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। 23 अगस्त को भी मंडल की तीन ट्रेनें निरस्त रहेगी। जबकि अन्य ट्रेनों के परिचालन शिड्यूल में बदलाव किया गया है। ट्रेनों के निरस्त होने और रोककर चलाने की सूचना यात्रियों को दी जा रही है। मंडल के सभी स्टेशनों से रूट की ट्रेनों के संबंध में सूचना का प्रसारण कराया जा रहा है। सुधीर कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक

संबंधित समाचार