बरेली: चिराग तले अंधेरा… महिला सिपाही के सरकारी आवास से दिनदहाड़े चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोहाड़ापीर चौकी परिसर में महिला सिपाही के सरकारी आवास से दिनदहाड़े चोरी हो गई। महिला सिपाही रक्षाबंधन पर राखी बांधने सुभाषनगर स्थित घर गईं हुई थीं। चोरों ने जेवरात समेत लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। प्रेमनगर पुलिस ने महिला सिपाही की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज …

बरेली, अमृत विचार। कोहाड़ापीर चौकी परिसर में महिला सिपाही के सरकारी आवास से दिनदहाड़े चोरी हो गई। महिला सिपाही रक्षाबंधन पर राखी बांधने सुभाषनगर स्थित घर गईं हुई थीं। चोरों ने जेवरात समेत लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। प्रेमनगर पुलिस ने महिला सिपाही की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

शहरी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी घटनाएं पर पुलिस लगाम नहीं लगा पा रही है। इसका नतीजा है कि अब चोरों ने चौकी परिसर में बने पुलिस आवासों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। अभिसूचना विभाग में तैनात महिला सिपाही प्रीति राठौर प्रेम नगर थानाक्षेत्र के कोहाड़ापीर पुलिस चौकी परिसर में बने सरकारी आवास में रहती हैं।

रविवार सुबह करीब 10:30 बजे वह कार्यालय के लिए निकली थीं। वहीं से वह राखी बांधने के लिए सुभाषनगर के करगैना स्थित भाई के घर चली गई थीं। रविवार शाम करीब 5 बजे जब वह वापस कोहाड़ापीर चौकी परिसर स्थित आवास पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गईं। कमरे के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा था। महिला सिपाही ने तुरंत प्रेमनगर पुलिस को सूचना दी। कमरे में अंदर जाकर देखा तो अलमारी में से ₹8 हजार की नगदी समेत 2 सोने की अंगूठी, 1 सोने का कड़ा व पाजेब जैसे सोने के कई जेवरात गायब थे।

पुलिस को खुद के घर में ही मिली चुनौती
कोहाड़ापीर चौकी परिसर में स्थित महिला सिपाही के सरकारी आवास से दिनदहाड़े चोरी ने पुलिस को भी चोरों ने खुली चुनौती दे दी है। साथ ही सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस चौकी के अंदर हर समय कोई न कोई पुलिस कर्मी तैनात रहता है, फिर कैसे चोर परिसर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दे गए। वहीं चौकी परिसर में घुसने के दो रास्ते हैं, किस रास्ते से घुसकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया और बिना किसी की नजरों में आए कैसे फरार हो गए।

संबंधित समाचार