गोरखपुर: पुलिस का बड़ा खुलासा, तांत्रिक ने की थी मासूम की हत्या, बताई ये वजह?
गोरखपुर। जनपद के पिपराइच थानाक्षेत्र के मटिहनिया सोमाली गांव में बीते 19 अगस्त को गन्ने के खेत मे मिले दिलीप निषाद के पांच वर्षीय बच्चे के शव के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 5 वर्षीय गजेंद्र की हत्या गांव के ही एक तांत्रिक ने तन्त्रसिद्धि में और शक्तियां बढ़ाने के लिए की …
गोरखपुर। जनपद के पिपराइच थानाक्षेत्र के मटिहनिया सोमाली गांव में बीते 19 अगस्त को गन्ने के खेत मे मिले दिलीप निषाद के पांच वर्षीय बच्चे के शव के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 5 वर्षीय गजेंद्र की हत्या गांव के ही एक तांत्रिक ने तन्त्रसिद्धि में और शक्तियां बढ़ाने के लिए की थी। पुलिस ने तांत्रिक की निशानदेही पर बच्चे के हाथ मे बंधे हुए कपड़े का कुछ हिस्सा भी बरामद किया है।
बता दें कि पिपराइच थानाक्षेत्र के मटिहनिया सोमाली गांव में पिछले गुरुवार 19 अगस्त को दिलीप निषाद अपनी पत्नी व दोनों बच्चों के साथ सोया था। सुबह 4 बजे आंख खुलने पर बच्चे को गायब देख उसने पत्नी को जगाकर पूछा और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश की।काफी खोजबीन के बाद निराशाजनक हालत में उसने पुलिस को सूचना दिया तो मौके पर एसएसपी समेत पूरा अमला आ पहुंचा। काफी तलाश के बाद गांव के बाहर गन्ने के खेत में गजेन्द्र का शव मिला। जिसमे उसके दोनों हाथ पीछे बंधे थे और मुंह मे कपड़ा ठूंसा गया था।
घटना की तफ्तीश के दौरान पता चला कि यह घटना तंत्रमंत्र की क्रिया के लिए की गई है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया तो गांव में झाड़ फूंक करने वाले संतोष निषाद का नाम सामने आया। बाद में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संतोष को उठाकर जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि पिछले बुधवार 18 अगस्त की रात में दिलीप निषाद का पुत्र गजेन्द्र अपनी मां के पास सोया था कि उसने बच्चे को चुपके से उठा लिया। गांव के सीवान में ले जाकर बच्चे के मुंह में कपड़ा ठूसकर ऊपर से काले रंग के गमछे के टुकड़े से से बांधकर बलि के लिए पैर में कील घूसाकर खून निकाला था।
मुंह बंधने के चलते दम घुटने से उसकी मौत हो गई। जिसे घबराहट वश वह उसे छोड़कर फरार हो गया था। इस मामले में पिपराइच के इंस्पेक्टर सूर्यभान सिंह ने बताया कि बालक का शव मिलने के पश्चात परिजनों की तहरीर पर अपहरण, हत्या सहित अन्य धाराओं में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही थी। जिसमें अभियुक्त गिरफ्तार किया गया है और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कपड़ा भी बरामद किया गया है।
