बरेली: नगरपालिकाओं से एमआर फैसिलिटी सेंटर बनाने की रिपोर्ट तलब
बरेली, अमृत विचार। मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण व पौधरोपण तथा स्थानीय निकायों में जनित सॉलिड वेस्ट के निस्तारण की कार्रवाई को लेकर विकास भवन के सभागार में मंगलवार को बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी नगर पालिकाओं को निर्देश दिये कि एमआर फैसलिटी सेन्टर बनने, कहां-कहां कूड़े …
बरेली, अमृत विचार। मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण व पौधरोपण तथा स्थानीय निकायों में जनित सॉलिड वेस्ट के निस्तारण की कार्रवाई को लेकर विकास भवन के सभागार में मंगलवार को बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी नगर पालिकाओं को निर्देश दिये कि एमआर फैसलिटी सेन्टर बनने, कहां-कहां कूड़े से खाद बनाने वाली मशीन खरीदने के संबंध में क्या कार्यवाही की गई और कूड़ा निस्तारण के साथ अन्य क्या कार्य किये जा रहे हैं, इसकी रिपोर्ट 27 अगस्त तक उपलब्ध करायें।
उन्होंने पौधरोपण समिति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन विभागों को पौधरोपण का जितना लक्ष्य दिया है, उतने पौधों का पौधरोपण के कार्य पूर्ण किये जाने की रिपोर्ट उपलब्ध करायें। अधिकारियों से कहा कि पौधों की जियो टैगिंग अवश्य करा लें। पौधों को जीवित रखने के लिए पौधों की घेराबंदी करायें।
अगले वर्ष के लिये पौधरोपण के लिए भूमि का अभी से चयनित करने के निर्देश दिये। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, प्रदूषण बोर्ड के अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम सहित सभी अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
