बरेली: तस्कर प्रधान ने सरकारी भूमि पर बना दी आधी आलीशान कोठी
फतेहगंज पूर्वी/बरेली, अमृत विचार। 20 करोड़ रुपये की स्मैक तस्करी में पुलिस गिरफ्त में आए प्रधान के काले कारनामे की पोल धीरे-धीरे खुलने लगी है। दबंगई व प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से तस्कर प्रधान ने जहां ईंट भट्टे की नींव ग्राम समाज की करीब 20 बीघा जमीन पर कब्जा कर रखी। वहीं, प्रधान ने ग्राम …
फतेहगंज पूर्वी/बरेली, अमृत विचार। 20 करोड़ रुपये की स्मैक तस्करी में पुलिस गिरफ्त में आए प्रधान के काले कारनामे की पोल धीरे-धीरे खुलने लगी है। दबंगई व प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से तस्कर प्रधान ने जहां ईंट भट्टे की नींव ग्राम समाज की करीब 20 बीघा जमीन पर कब्जा कर रखी।
वहीं, प्रधान ने ग्राम समाज की जमीन भी कब्जा कर आधी आलीशान कोठी की नींव रखी। भूमि कब्जाने के मामलों की शिकायतें कई बार हुईं लेकिन ऊंची पहुंच के चलते प्रधान पर कभी कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए ये मामले भी दबे रहे। पुलिस पूछताछ में कई और मामले खुले हैं। सरकारी भूमि कब्जाने के मामले में तहसीलदार फरीदपुर का कहना है कि लेखपाल से कोठी और ईंट भट्ठे की जमीन नपवायी जाएगी। कब्जा निकलने पर जमीन मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।
फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव पढ़ेरा निवासी ग्राम प्रधान शहीद खां उर्फ छोटे और उसके भतीजे राजू उर्फ सैफ अली खान को 16 अगस्त को पुलिस ने 20 किलो स्मैक के साथ दबोचा था। प्रधान और उसके भाई सलीम के कारनामें अब सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले 30 सालों से उसके परिवार में ही प्रधानी चली आ रही है। जिस कारण गांव और आसपास के लोग सहमे रहते थे। पहले पुलिस प्रशासन भी मददगार साबित रहता था।
इसी के चलते प्रधान के परिवार के लोग ग्राम समाज की कई बीघा जमीन पर कब्जा जमाए हुए हैं। आरोप है कि कब्जा की हुई जमीन पर तस्कर प्रधान ने ईंट भट्टे का निर्माण करा दिया। ग्राम सभा की करीब तीन बीघा से ज्यादा जमीन पर प्रधान की कोठी भी बनने की चर्चा है। बताते हैं कि गांव की महिला गुड़िया ने प्रधान द्वारा कब्जा की जमीन के बारे में शिकायत की थी। प्रदेश में सपा सरकार होने और कई सफेदपोशों से अच्छी पहचान होने की वजह से प्रधान के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
अधिकारियों ने भी लीपापोती कर मामले दबा दिये थे। 20 करोड़ की स्मैक के साथ पकड़े जाने के बाद प्रधान और उसके भतीजे को पुलिस ने जेल भेजने के बाद संपत्ति व अवैध कार्यों को जांच पड़ताल शुरू की है। फरीदपुर के तहसीलदार बीके चौधरी ने ग्राम समाज की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने के मामले में बुधवार को संबंधित लेखपाल से जांच कराए जाने की बात कही गई है।
मट्टी थापने व मजदूरों का निवास भी ग्राम सभा की जमीन पर
ग्राम सभा की करीब 70 बीघा जमीन पर प्रधान ने ईंट भट्टे का निर्माण करा दिया था। 30 सालों से तस्कर के घर में ही प्रधानी होने का भरपूर फायदा प्रधान ने ग्राम सभा की जमीन पर कब्जा करके उठाया था। बताया जा रहा है कि भट्टे में ईंट निर्माण के लिए मिट्टी थापने का काम भी ग्राम समाज की जमीन पर किया जाता था। भट्टे पर काम करने वाले मजदूरों के रहने के लिए भी ग्राम सभा की दो भूमि उपयोग की जा रही थी।
माल तैयार करता था प्रधान, लाने- ले जाने से किया इंकार
कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद तस्कर प्रधान से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। बताते हैं कि प्रधान ने स्मैक लाने और ले जाने की बात से पूछताछ में इंकार किया है। सूत्रों के मुताबिक तस्कर प्रधान ने अरमान और गट्टू के नाम उगले हैं। उसका कहना है कि यह दोनों कच्चा माल लाते थे और तैयार स्मैक ले जाते थे। पुलिस ने तस्कर प्रधान से बरामद की गई स्मैक का सैंपल फॉरेंसिक लैब के लिए भी भेजा है।
पूछताछ में सामने आए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाएगा। -राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात
