यूपी: सीएम योगी ने की उज्ज्वला योजना के दूसरे चरण की शुरूआत, अखिलेश ने कसा तंज
लखनऊ। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना-2 में प्रदेश के दस जिलों में मुफ्त गैस कनेक्शन बांटे गए। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिए। अपने सरकारी आवास से वर्चुअल प्लेटफार्म के जरिये 10 जिलों के लाभार्थियों से बात भी की। इस चरण में 20 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया जाएगा। …
लखनऊ। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना-2 में प्रदेश के दस जिलों में मुफ्त गैस कनेक्शन बांटे गए। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिए। अपने सरकारी आवास से वर्चुअल प्लेटफार्म के जरिये 10 जिलों के लाभार्थियों से बात भी की। इस चरण में 20 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना पर केंद्रित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बीते 10 अगस्त को द्वितीय चरण की शुरूआत महोबा से की थी। इस चरण में 10 जिलों सोनभद्र, बांदा, महोबा, चित्रकूट, रायबरेली, हरदोई, बदायूं, अमेठी, फतेहपुर और फर्रूखाबाद का चयन किया गया है। पते के प्रमाण के अभाव में जो प्रवासी श्रमिक पहले चरण में कनेक्शन से वंचित रह गए थे। उन्हें इस बार वरीयता दी जाएगी। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी भी है। 2.61 करोड़ शौचालयों का निर्माण, हर ग्राम पंचायत में बीसी सखी का चयन, सामुदायिक शौचालयों की देखरेख महिला स्वयं सहायता समूहों को देने जैसे अनेक कदम महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व रसोई गैस कनेक्शन पाना बड़ा मुश्किल था। प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि से यह दृश्य बिल्कुल बदल गया है। जिला प्रशासन ध्यान रखे कि यह कनेक्शन पाने वाले परिवार के घर में जाकर गैस कम्पनी गैस के उपयोग का प्रशिक्षण जरूर दें। नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह धुन्नी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में धुआंरहित ग्रामीण भारत की परिकल्पना साकार हो रही है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद वीना कुमारी मीना, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, सूचना निदेशक शिशिर आदि भी थे।
लाभार्थियों से मुख्यमंत्री ने की बात
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सोनाली राठौर, रेखा देवी (हरदोई), शबाना, रजनी (फर्रुखाबाद), गीता, अर्चना (अमेठी), रोशनी, प्रियंका (चित्रकूट), प्रीती साहू, साफिया (बांदा), रानी (सोनभद्र), शिव दुलारी, आमीना (रायबरेली), कल्पना, खुशबू गुप्ता (महोबा), रीना (बदायूं), सरिता देवी (फतेहपुर) से संवाद किया। कहा कि स्वच्छ ईंधन का अर्थ स्वास्थ्य के लिए उत्तम ईंधन है। इसके उपयोग से महिलाओं को भोजन बनाने में सहूलियत होगी। लकड़ी, कोयले, उपलों आदि के धुएं से होने वाली आंख और फेफड़े की बीमारियों से बचाव भी होगा। लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का आभार जताया।
अखिलेश का तंज ‘महंगा ईंधन, बेकार जीवन’
लखनऊ। सपा अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उज्ज्वला योजना-2 पर तंज कसा। कहा कि स्वच्छ ईंधन, बेहतर जीवन के नारे के साथ लांच हुई ये योजना चुनाव से पहले भाजपा का जनता से दूसरा बड़ा छलावा है। वस्तुतः यह योजना मंहगा ईंधन, बेकार जीवन में बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितना प्रचार करे लेकिन सच्चाई यह है कि उज्ज्वला का सिलेंडर महज शो पीस है। एनएसओ सर्वे के अनुसार, गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले 20 प्रतिशत परिवारों की प्रतिमाह आय मात्र 1065 रुपये है। जुलाई से गैस सिलेंडर 933 रुपये में मिल रहा है। ऐसे में हर माह सिलेंडर रिफिल कराना इन परिवारों के बस का नहीं है। इस योजना के 78 प्रतिशत परिवारों ने फिर चूल्हे पर खाना बनाना शुरू कर दिया है। सरकार गरीबों को बहकाना चाहती है, जबकि जनता इस साजिश को बखूबी समझ रही है।
