लखनऊ: अमीनाबाद बाजार में जाम के झाम से जनता-व्यापारी परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। अमीनाबाद बाजार में जाम से व्यापारी परेशान हैं। सड़क पर दुकानों के आगे पटरी दुकानें लगने के साथ वाहन भी खड़े होते हैं, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। गुरुवार को साप्ताहिक बाजार के दिन तो अमीनाबाद क्षेत्र से वाहन निकाल पाना मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रीय व्यापारियों के साथ ही पुलिस-प्रशासन और …

लखनऊ। अमीनाबाद बाजार में जाम से व्यापारी परेशान हैं। सड़क पर दुकानों के आगे पटरी दुकानें लगने के साथ वाहन भी खड़े होते हैं, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। गुरुवार को साप्ताहिक बाजार के दिन तो अमीनाबाद क्षेत्र से वाहन निकाल पाना मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रीय व्यापारियों के साथ ही पुलिस-प्रशासन और नगर निगम की कोशिशों के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। जिससे अमीनाबाद क्षेत्र के व्यापारियों में जिला प्रशासन और पुलिस के प्रति आक्रोश है।

अमीनाबाद बाजार के आस-पास के क्षेत्रों में अतिक्रमण और जाम की समस्या अब पुरानी हो चुकी है। अमीनाबाद बाजार जाने का मतलब जाम से सामना करना है। कैसरबाग चौराहे से लेकर नजीराबाद रोड, प्रकाश कुल्फी चौराहा, मोहन मार्केट, झंडे वाला पार्क, गणेशगंज, लाटूश रोड और हीवेट रोड तक जाम और अतिक्रमण की समस्या बनी रहती है। इन क्षेत्रों में दुकानों के सामने सामान रखने के साथ ही दुकानदार और ग्राहक गाड़ियां भी खड़ी कर देते हैं। जिससे आधी रोड पर ही ट्रैफिक चालू रहता है।

इसके अलावा बाजारों में दुकानों के बाहर पटरी दुकानें और ठेले लगते हैं और गाड़ियां भी खड़ी की जाती हैं। जिससे अमीनाबाद क्षेत्र की सकरी गलियों से वाहन निकाल पाना भी मुश्किल है। जाम की समस्या को देखते हुए ग्राहक भी अमीनाबाद बाजार की ओर कम रूख कर रहे हैं। व्यापार प्रभावित होने से व्यापारियों की चिंता बढ़ गयी है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समस्या दूर नहीं की गयी तो बाजार बंद कर विरोध-प्रदर्शन करेंगे।

एक भूमिगत पार्किंग से कैसे चले काम

अमीनाबाद जैसे बाजार में जहां लगभग एक हजार दुकानें हैं वहां केवल एक भूमिगत पार्किंग संचालित है। इसके अलावा हनुमान मंदिर के सामने सड़क के दोनों ओर एक पार्किंग है। हजारों की संख्या में रोजाना ग्राहकों का अमीनाबाद बाजार आना—जाना रहता है। जाम के बीच झंडे वाला पार्क स्थित भूमिगत पार्किंग तक चार पहिया वाहन पहुंच पाना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। अमीनाबाद बाजार के कुछ व्यापारी भूमिगत पार्किंग में ही अपनी गाड़ियां खड़ी करते हैं। लेकिन यहां आने वाले ग्राहकों के साथ अधिकांश व्यापारी सड़क पर ही गाड़ियां पार्क कर देते हैं। जिससे दिन भर जाम की समस्या बनी रहती है। व्यापारियों की मांग है कि एक या दो भूमिगत पार्किंग और बनाने की जरूरत है।

अमीनाबाद के व्यापारियों की समस्याएं दूर करने का प्रयास किया जाएगा। जाम की समस्या के निवारण के लिए ही पटरी ​दुकानदारों को झंडे वाला पार्क के आस-पास व्यवस्थित किया जा रहा है। क्षेत्र में एक और पार्किंग बनाने के लिए जगह की तलाश की जा रही है…संयुक्ता भाटिया, महापौर, लखनऊ नगर निगम।

संबंधित समाचार