लखनऊ: एलडीए की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेस्टोरेंट व दुकानों पर चलाया बुलडोजर
लखनऊ। शहर में हो रहे अवैध निर्माणों पर एलडीए उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी की सख्ती का असर दिखने लगा है। एलडीए के प्रवर्तन दस्तों ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतापुर रोड में अवैध रेस्टोरेंट और दुकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। विहित प्राधिकारी अमित राठौर ने बताया कि प्रवर्तन जोन 4 के अन्तर्गत …
लखनऊ। शहर में हो रहे अवैध निर्माणों पर एलडीए उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी की सख्ती का असर दिखने लगा है। एलडीए के प्रवर्तन दस्तों ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतापुर रोड में अवैध रेस्टोरेंट और दुकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। विहित प्राधिकारी अमित राठौर ने बताया कि प्रवर्तन जोन 4 के अन्तर्गत कुलदीप वर्मा द्वारा अन्नपूर्णा काम्प्लेक्स के सामने ताड़ीखाना के पास सीतापुर रोड पर लगभग 5000 स्क्वायर फुट भूमि पर अवैध रूप से रेस्टोरेंट का निर्माण किया गया था।
जिस पर प्राधिकरण के विहित न्यायालय में वाद संख्या 222/2020 योजित था। मानचित्र स्वीकृत ना होने पर न्यायालय द्वारा परिसर को ध्वस्त करने का आदेश पारित किया था। इसके अलावा भुलासापुरवा, बक्शी का तालाब में चांद मोहम्मद द्वारा लगभग 1500 स्क्वायर फुट में अवैध रूप से दुकानों का निर्माण किया गया था। जिस पर ध्वस्तीकरण का आदेश पारित था। उक्त अवैध निर्माण को अधिशासी अभियंता जोन 4 अजय पवार के निर्देशन में सहायक अभियंता एसएन प्रसाद, अवर अभियंता ज्ञानेश्वर सिंह, संजय मिश्रा एवं अन्य स्टाफ के सहयोग से ध्वस्त कर दिया।
ठाकुरगंज में तीन अवैध निर्माण सील
एलडीए ने ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में नक्शा पास कराए बिना तैयार तीन अवैध निर्माण सील कर दिए। विहित प्राधिकारी ने बताया कि असियामउ कैम्पवेल रोड, बालागंज में शोएब ने, सईदा बेगम, मोहम्मद सलमान व कमाल अहमद ने एग्जान स्कूल के सामने और रउफ कुरैशी द्वारा कैम्पवेल रोड पर अवैध निर्माण किया गया था। जिस पर सीलिंग का आदेश पारित किया गया था। उक्त अवैध निर्माणों को अधिशासी अभियंता प्रवर्तन जोन 7 के निर्देशन में अभियंताओं एवं स्टाफ ने सील कर दिया।
