यूपी: प्रदेश में जहरीली शराब का कहर जारी, जानिए कब और कहां हुईं कितनी मौतें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। प्रदेश में जहरीली शराब बेचने का खेल लगातार जारी है। पहले जहां अम्बेडकरनगर, आजमगढ़ और बदायूं में जहरीली शराब से 30 से अधिक लोग काल के गाल में समा गए। वहीं बीते समय में अलीगढ़ में जहरीली शराब कांड ने प्रदेश को हिलाकर रख दिया था। इस घटना में 28 लोगों की मौत हो गयी …

लखनऊ। प्रदेश में जहरीली शराब बेचने का खेल लगातार जारी है। पहले जहां अम्बेडकरनगर, आजमगढ़ और बदायूं में जहरीली शराब से 30 से अधिक लोग काल के गाल में समा गए। वहीं बीते समय में अलीगढ़ में जहरीली शराब कांड ने प्रदेश को हिलाकर रख दिया था। इस घटना में 28 लोगों की मौत हो गयी । इस साल के शुरुआती पांच महीनों की बात करें तो 8 जनवरी से 28 मई 2021 तक प्रदेश के 12 जिलों में जहरीली शराब तकरीबन 100 लोगों से अधिक की मौत हो चुकी है। इसमें कुछ इजाफा ही हुआ होगा क्योंकि बड़ी संख्या में लोग इलाज के दौरान मौत से जूझ रहे थे ।यूपी की हर साल की यही कहानी है । पिछले सालों के आंकड़ों पर आईये गौर करते हैं कि जहरीली शराब से कितनी जिंदगियां मिट गयी । हर घटना के बाद आबकारी विभाग और पुलिस के अफसरों पर गाज गिरती है लेकिन ये सिलसिला थमने का नाम नहीं लेता है।

गौरतबल है कि अभी बीते तीन दिन पहले आगरा में जहरीली शराब से 10 लोगों की जान जा चुकी है। पोस्टमार्टम में बिसरा की जांच से यह बात स्पष्ट हो गई तो मुख्यमंत्री के तेवर सख्त हो गए। नतीजा यह रहा कि पुलिस प्रशासन ने संबंधित थानाध्यक्ष समेत नौ पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही की वहीं अपर मुख्य सचिव आबकारी संजय आर भूसरेड्डी की ओर से आगरा के जिला आबकारी अधिकारी,आबकारी निरीक्षक पर विभागीय कार्यवाही करते हुये तीन सिपाहियों को निलंबित कर घटना से इतिश्री कर ली है। जबकि हकीकत यह है कि ग्रामीण इलाकों में कच्ची शराब की जानकारी होने के बाद भी जिम्मेदार अनजान बन जाते हैं।

किसकी मिलीभगत से फल-फूल रहा धंधा?

प्रतापगढ़ हो या आजमगढ़ की, महोबा की हो या फिर अलीगढ़ की। हमेशा की तरह स्थानीय स्तर पर पुलिस और आबकारी अधिकारियों को निलंबित कर शासन और प्रशासन अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेता है। हर बार जांच बैठा दी जाती है, लेकिन जांच का नतीजा क्या आता है? इसे गोपनीय ही रखा जाता है। अभी तक जिम्मेदार विभागों के आला अधिकारियों ने किसी भी घटना के बाद यह जानने का प्रयास नहीं किया कि आखिर गांवों में जहरीली शराब कहां से आती है। सवाल यह है कि क्या आबकारी और स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से यह धंधा फल-फूल रहा है? क्या आबकारी और पुलिस विभाग को गांवों में चल रहीं कच्ची शराब की भट्ठियों की वास्तव में कोई जानकारी नहीं है यदि नहीं है, तो अभियान के दौरान उनके प्रवर्तन दल कैसे वहां पहुंच जाते हैं?

अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाकर धर पकड़ की जायेगी । अवैध मदिरा निर्माण ,बिक्री तस्करी में लिप्त पाये जाने वालों पर कठोर कार्यवाही की जायेगी । विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर जहरीली शराब पर अंकुश लगाया जायेगा….सेंथिल पाण्डियन सी,आबकारी आयुक्त

बीते वर्ष 2020 में हुई जहरीली शराब से मौतें

प्रयागराज- 21 नवम्बर 2020 को प्रयागराज के फूलपुर में 6 लोगों की जहरीली शराब पीने से जान चली गयी । फूलपुर के अमिलिया गांव में सरकारी ठेके से ही शराब खरीदकर लोगों ने पी थी ।

लखनऊ- 13 नवम्बर 2020 को लखनऊ में जहरीली शराब पीने से 6 लोगों की मौत हो गयी थी । बंथरा इलाके में सरकारी ठेके से शराब खरीदने की बात सामने आयी थी।

फिरोजाबाद- लखनऊ की घटना के चंद दिनों बाद ही 17 नवम्बर 2020 को फिरोजाबाद में भी जहरीली शराब से 3 लोगों की मौत हो गयी थी ।

बागपत, मेरठ- 10 सितम्बर 2020 को बागपत और मेरठ में जहरीली शराब के कारण 7 लोग काल के गाल में समा गये। बागपत के चमरावल गांव में 5 जबकि मेरठ के जानी हलके में 2 की मौत हो गयी थी ।

कानपुर- 12 अप्रैल 2020 को कानपुर के घाटमपुर में जहरीली शराब से 2 लोगों की मौत हो गई थी

2021 में हुई जहरीली शराब की घटनाएं

  • 8 जनवरी — बुलंदशहर में जहरीली शराब से 5 लोगों की मौत।
  • 26 फरवरी— महोबा जिले में जहरीली शराब से 5 लोगों की मौत।
  • 17 मार्च — प्रयागराज में जहरीली शराब से 9 लोगों की मौत।
  • 22 मार्च — चित्रकूट जिले में जहरीली शराब से 7 लोगों की मौत।
  • 1 अप्रैल — प्रतापगढ़ में जहरीली शराब से 6 से अधिक मौत।
  • 1 अप्रैल — अयोध्या जिले में जहरीली शराब से 2 लोगों की मौत।
  • 2 अप्रैल—बदायूं जिले में जहरीली शराब पीने से 2 लोगों की मौत।
  • 28 अप्रैल— हाथरस जिले में जहरीली शराब से 5 लोगों की मृत्यु।
  • 12 मई —आजमगढ़ में जहरीली शराब से 18 लोगों की मौत।
  • 12 मई —अम्बेडकरनगर में जहरीली शराब से 5 लोगों की मौत।
  • 12 मई — बदायूं जिले में जहरीली शराब से 2 लोगों की मौत।
  • 28 मई — अलीगढ़ जिले में जहरीली शराब पीने से 28 लोगों की मौत।
  • 23 अगस्त—आगरा में जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत ।

संबंधित समाचार