बरेली: अफसरों की साठगांठ से सील केंद्र से हो रहे अल्ट्रासाउंड
बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की सुस्ती की वजह से जिले में खुलेआम अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर चल रहे हैं। बीते दिनों शासन में हुई शिकायत पर मैनपुरी में एक ही डाक्टर के नाम पर 20 से अधिक जिलों में अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्र चलने का मामला सामने आया था। बरेली के शेरगढ़ में भी …
बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की सुस्ती की वजह से जिले में खुलेआम अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर चल रहे हैं। बीते दिनों शासन में हुई शिकायत पर मैनपुरी में एक ही डाक्टर के नाम पर 20 से अधिक जिलों में अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्र चलने का मामला सामने आया था। बरेली के शेरगढ़ में भी उसी डाक्टर के नाम पर अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की छानबीन के बाद अल्ट्रासाउंड केंद्र को छापेमारी के बाद सीज किया गया था। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के ढुलमुल रवैए से सीज होने के बाद भी एक बार फिर अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित किया जा रहा है। शासन के निर्देश पर शेरगढ़ स्थित जनता अल्ट्रासाउंड केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान केंद्र पर रेडियोलॉजिस्ट न मिलने पर तीन दिन की समय सीमा देकर केंद्र को सील कर दिया गया था। बावजूद इसके अल्ट्रासाउंड केंद्र पर धड़ल्ले से अल्ट्रसाउंड किए जा रहे हैं। जिसके बारे में स्वास्थ्य विभाग को जानकारी भी नहीं है।
बीते सोमवार को किया गया महिला का अल्ट्रासाउंड
बीते सोमवार को ही शीशगढ़ स्थित जनता अल्ट्रासाउंड केंद्र पर डा. अधीश की ओर से एक 43 वर्षीय महिला का अल्ट्रासाउंड किया गया। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते अल्ट्रासाउंड केंद्र संचलित होने से कई ग्रामीणों को फर्जी तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।
213 फर्जी अल्ट्रासाउंड केंद्रों को किया चिन्हित
सीएमओ जिले में चल रहे 213 अल्ट्रासाउंड सेंटर में उन सेंटरों को चिह्नित करा रहे हैं, जो एक ही नाम से पंजीकृत हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार जिले में फर्जी तरीके से चलने वाले 60 से अधिक अल्ट्रासाउंड सेंटर की सूची भी बन चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में बने फर्जी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर विभागीय अधिकारी भ्रूण की जांच करने की भी आशंका जता रहे है। बीते दिनों ही नबावगंज में एक आशा की एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें भ्रूण की जांच के लिए 20 हजार रूपए की मांग की गई थी।
शीशगढ़ में डा. अधीश के नाम पर चलने वाले अल्ट्रासाउंड केंद्र का संज्ञान नहीं है। अगर ऐसा है तो नियमानुसार विभागीय अधिकारियों की ओर से जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -डा. बलवीर सिंह, सीएमओ।
