बरेली: फरीदपुर के पूर्व प्रधान और प्रधान भी तस्करी में शामिल, कई अन्य नाम भी खुले
बरेली, अमृत विचार। ग्राम पढेरा के तस्कर प्रधान छोटे से पुलिस रिमांड के आखिरी दिन लंबी पूछताछ चली। प्रधान ने कई नामों का खुलासा किया है। तस्करी में प्रधान का साथ देने वालों में उसके परिवार के साथ फरीदपुर के एक पूर्व प्रधान और एक गांव के वर्तमान प्रधान का नाम भी जुड़ा है। प्रधान …
बरेली, अमृत विचार। ग्राम पढेरा के तस्कर प्रधान छोटे से पुलिस रिमांड के आखिरी दिन लंबी पूछताछ चली। प्रधान ने कई नामों का खुलासा किया है। तस्करी में प्रधान का साथ देने वालों में उसके परिवार के साथ फरीदपुर के एक पूर्व प्रधान और एक गांव के वर्तमान प्रधान का नाम भी जुड़ा है। प्रधान से पूछताछ के बाद पुलिस ने प्रधान की दोनों पत्नियों, बेटी व अन्य लोगों के खिलाफ एनडीपीएस की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर शनिवार को पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद रविवार को तस्कर प्रधान जेल भेजा जाएगा।
18 अगस्त को फतेहगंज पूर्वी के तस्कर प्रधान शहीद खां उर्फ छोटे के घर पुलिस ने दबिश देकर 20 किलो स्मैक बरामद की थी। उसी दिन से कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद पुलिस तस्कर प्रधान से पूछताछ कर रही थी। सबसे पहले मामले में पुलिस ने प्रधान शहीद खां उर्फ छोटे, राजू उर्फ सैफ, सलीम, शोहेब, फईम, नईम, वसीम, मुन्ना व हसीम समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। वहीं न्यायालय से पुलिस ने मामले की जड़ तक पहुंचने के लिए तस्कर प्रधान व उसके भतीजे की हफ्ते भर की रिमांड की अनुमति ली थी।
जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू की। कुछ दिन बाद तस्कर प्रधान के भतीजे सोनू उर्फ सैफ को जेल भेज दिया लेकिन प्रधान छोटे खां से पूछताछ जारी रखी। पूछताछ के दौरान तस्करी से जुड़ी कई बातों के साथ-साथ ग्राम सभा की कई बीघा जमीन पर अवैध कब्जे की बात भी सामने आई थी। प्रधान ने अब कई और नामों का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक प्रधान के साथ स्मैक की तस्करी में फरीदपुर के पूर्व प्रधान व वर्तमान प्रधान भी साझेदारी निभाते थे।
छोटे खां ने फतेहगंज पूर्वी, फतेहगंज पश्चिमी, फरीदपुर, मीरगंज क्षेत्र के अपने कई रिश्तेदारों व साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस ने तस्कर प्रधान की दोनों पत्नी करीकत व कामिनी और उसकी बेटी फरीदपुर के पूर्व प्रधान समेत फरमान, गट्टू, सरताज और नन्हे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
तस्कर प्रधान के कुछ परिजनों समेत पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों के खिलाफ एनडीपीएस के तहर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। -राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात
