बरेली: बाकरगंज में मेरठ की कंपनी करेगी कूड़े का निस्तारण
बरेली, अमृत विचार। बाकरगंज में इकट्ठा कई मीट्रिक टन कूड़ा निस्तारण के प्रयास तेज हो गए हैं। बाकरगंज में मिनी प्लांट लगाने के लिए फाउंडेशन बनाने का काम शुरू हो गया है। वहां संपर्क मार्ग बनाने की तैयारी भी कर ली गई है। मेरठ की ग्रीन अस एनर्जी सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी प्लांट का संचालन …
बरेली, अमृत विचार। बाकरगंज में इकट्ठा कई मीट्रिक टन कूड़ा निस्तारण के प्रयास तेज हो गए हैं। बाकरगंज में मिनी प्लांट लगाने के लिए फाउंडेशन बनाने का काम शुरू हो गया है। वहां संपर्क मार्ग बनाने की तैयारी भी कर ली गई है। मेरठ की ग्रीन अस एनर्जी सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी प्लांट का संचालन करेगी। नगर आयुक्त अभिषेक प्रकाश ने यहां निरीक्षण कर इस माह के अंत तक कूड़ा निस्तारण का काम शुरू करने को कहा है।
नगर निगम ने बाकरगंज से वर्षों पुराना कूड़े का ढेर हटाने के लिए वहां छोटा प्लांट लगाने की तैयारी की है। इसके लिए मशीनें खरीदने और शेड निर्माण का टेंडर निगम ने कर लिया है। बीते दिनों प्लांट के संचालन का टेंडर भी कर लिया गया है। कूड़ा निस्तारण को करीब 1.53 करोड़ रुपये की मशीनें खरीदी जा रही हैं। मुजफ्फरनगर की स्टैंडर्ड ऑटो प्राइवेट कंपनी ट्रामल, बेलेस्टिक सेपरेटर आदि मशीनें खरीद कर निगम को देगी। इसके साथ ही करीब 60 लाख रुपये खर्च कर वहां शेड बनाया जा रहा है।
प्लांट के लिए एप्रोच रोड बनी
पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने बताया कि बाकरगंज में प्लांट लगाने के लिए एप्रोच रोड बनाई जा चुकी है। मशीनें रखने के लिए शेड का फाउंडेशन बनाने का काम शुरू हो गया है। वहां से कूड़ा हटाया जा रहा है। इस प्लांट से 30 टन प्रति घंटा कूड़ा निस्तारित होगा। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि बाकरगंज में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बड़ा प्लांट लगाया जाएगा, जिसका शासनादेश होना बाकी है। इससे पहले वहां छोटा प्लांट लगाकर कूड़ा निस्तारण शुरू कराया जा रहा है।
