रामपुर: आजम खां के अधिवक्ता ने भाजपा नेता आकाश सक्सेना के पासपोर्ट को तलब करने दी अर्जी, खारिज
रामपुर,अमृत विचार। आजम खां के अधिवक्ता ने भाजपा नेता और मुकदमे के वादी आकाश सक्सेना के पासपोर्ट को तलब करने की कोर्ट में अर्जी दी। जिसको सुनवाई के बाद कोर्ट ने खारिज कर दिया है। गुरुवार को भी बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने जिरह की, जोकि पूरी नहीं हो सकी। शुक्रवार को भी भाजपा नेता …
रामपुर,अमृत विचार। आजम खां के अधिवक्ता ने भाजपा नेता और मुकदमे के वादी आकाश सक्सेना के पासपोर्ट को तलब करने की कोर्ट में अर्जी दी। जिसको सुनवाई के बाद कोर्ट ने खारिज कर दिया है। गुरुवार को भी बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने जिरह की, जोकि पूरी नहीं हो सकी। शुक्रवार को भी भाजपा नेता से जिरह होगी।
गौरतलब है कि भाजपा नेता आकाश सक्सेना हनी ने वर्ष 2019 में थाना गंज में मुकदमा दर्ज कराया था उनका आरोप है कि सपा सांसद आजम खां ने अपने बेटे अब्दुल्ला आजम खां के दो-दो जन्म प्रमाण दो जगह से बनवाए। एक रामपुर नगर पालिका से जिसमें जन्म की तिथि 1 जनवरी 1993 और दूसरा लखनऊ से जिसमें जन्म तिथि 30 सितंबर 1990 दर्शायी गई थी जबकि अब्दुल्ला आजम खां के शैक्षिक अभिलेखों में 1- जनवरी 1993 है। सपा सांसद आजम खां ने फर्जीवाड़ा अपने पुत्र को स्वार से चुनाव लड़ाने के लिए किया था। पुलिस ने विवेचना के बाद आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया था।
सपा सांसद आजम खां और अब्दुल्ला आजम खां 26 फरवरी 2020 से सीतापुर जेल में बंद हैं जबकि सपा सांसद आजम खां कोरोना संक्रमित होने के कारण मेंदाता अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। वहीं अब्दुल्ला आजम सीतापुर जेल में बंद हैं। दोनों पिता पुत्र डेढ़ साल से जेल में बंद हैं।
गुरुवार को आजम खां के अधिवक्ता ने भाजपा नेता और मुकदमें के वादी आकाश सक्सेना के पासपोर्ट को कोर्ट में तलब करने की अर्जी दी। जिससे सुनवाई के बाद कोर्ट ने खारिज कर दिया है। भाजपा नेता आकाश सक्सेना हनी से एमपी-एमएलए कोर्ट में जिरह हुई जो कि पूरी नहीं हो सकी। आज भी जिरह होगी। वहीं दूसरी ओर पैन कार्ड और पासपोर्ट मामले में भी सुनवाई हुई। तीनों मामलों में 3 सितंबर को सुनवाई होगी।
पासपोर्ट मामले में दोनों पक्षों की हुई बहस, फैसला सुरक्षित
अब्दुल्ला आजम खां के पासपोर्ट मामले में अभियोजन और बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की बहस हुई। गौरतलब है कि भाजपा नेता आकाश सक्सेना हनी ने थाना सिविल लाइंस में अब्दुल्ला आजम के खिलाफ फर्जीवाड़ा करके दो दो पासपोर्ट हासिल करने का मुकदमा दर्ज कराया था जिसमें डिस्चार्ज प्रार्थना पत्र पर गुरुवार को दोनों पक्षों की बहस हुई। बहस पूरी हो गई, कोर्ट ने फैसला सुरक्षित कर लिया है। फैसला जल्द आने की उम्मीद है।
सुनवाई के दौरान कोर्ट परिसर में जमें रहे अधिकारी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
आजम खां के दो-दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई के दौरान प्रशासनिक अफसर कोर्ट परिसर में जमें रहे और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही।कोर्ट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट्र, एडीएम,एसडीएम,मौजूद रहे।
जन्म प्रमाण पत्र के मामले में वादी आकाश सक्सेना से जिरह हुई। लेकिन जिरह पूरी नहीं हो सकी है। 3 सितंबर को भी जिरह जारी रहेगी।-रामऔतार सैनी,एडीजीसी
