बरेली: निगम की टीम ने धार्मिक स्थल के पास बने शौचालय को तोड़ा
बरेली, अमृत विचार। शहर में अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम की टीम ने गुरुवार को एक बार फिर बड़े स्तर पर अभियान चलाया। घंटाघर, सिटी स्टेशन रोड सहित तीन स्थानों पर अभियान चलाकर नगर निगम ने अतिक्रमण हटाए। इस दौरान कई जगहों पर लोगों ने विरोध और हंगामा भी किया लेकिन टीम ने …
बरेली, अमृत विचार। शहर में अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम की टीम ने गुरुवार को एक बार फिर बड़े स्तर पर अभियान चलाया। घंटाघर, सिटी स्टेशन रोड सहित तीन स्थानों पर अभियान चलाकर नगर निगम ने अतिक्रमण हटाए। इस दौरान कई जगहों पर लोगों ने विरोध और हंगामा भी किया लेकिन टीम ने कड़े तेवर दिखाते हुए अतिक्रमणकारियों को खदेड़ दिया। अतिक्रमण हटाते समय एक धार्मिक स्थल के पास बने शौचालय को भी तोड़ दिया गया।
नगर निगम टीम को शिकायत मिली थी कि किला क्षेत्र के कुंवरपुर में धार्मिक स्थल के बराबर में अतिक्रमण किया गया है। कुंवरपुर में काफी तलाश के बाद भी नगर निगम की टीम को अतिक्रमण का स्थान नहीं मिला। बाद में जगह मिलने पर पता चला कि इस स्थान पर काफी पुराना धार्मिक स्थल बना है। इस पर नगर निगम की टीम ने शिकायतकर्ता को तलाश किया, लेकिन उनका भी कुछ पता नहीं चला। काफी देर बाद पता चला कि शिकायत की आड़ में घर के बाहर बने शौचालय की बात कही गई थी।
इस पर नगर निगम की टीम ने उस शौचालय को तोड़ दिया। इससे पहले नगर निगम की टीम ने दोपहर में घंटाघर के आसपास के क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया। वहां पर खड़े जूस व चाट के ठेले वालों को खदेड़ा। इसके बाद मढ़ीनाथ की पुलिया के नीचे अतिक्रमण को हटाकर सामान जब्त किया गया।
अतिक्रमण प्रभारी ललतेश कुमार सक्सेना ने बताया कि अतिक्रमण की शिकायत आई थी, जिनका निस्तारण किया गया है। इस मौके पर अतिक्रमण दस्ता प्रभारी जयपाल पटेल, हीरालाल, आनंद कुमार और प्रवर्तन दल के लोग मौजूद रहे।
