बरेली: महकमों के अफसरों की ऐंठ ने विकास कार्यों में लगाया अड़ंगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में कई अरब के विकास कार्य कराने से पहले विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की कोशिश नहीं हुई और अब महकमों के अफसरों के बीच ऐंठ की वजह से विकास कार्य में अड़ंगा लग रहा है। इस वजह से कई विकास कार्य शुरू होते ही उसमें किसी न किसी वजह …

बरेली, अमृत विचार। शहर में कई अरब के विकास कार्य कराने से पहले विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की कोशिश नहीं हुई और अब महकमों के अफसरों के बीच ऐंठ की वजह से विकास कार्य में अड़ंगा लग रहा है। इस वजह से कई विकास कार्य शुरू होते ही उसमें किसी न किसी वजह से अड़ंगा लग रहा है। कभी पाइप लाइन टूट रही है तो कहीं बिजली की लाइनें प्रोजेक्ट में अड़चन पैदा कर रही हैं। जिला प्रशासन की ओर से भी विकास कार्यों में लगे विभागों के बीच संवाद बनाने के कोई प्रयास न होने से आखिरकार इसका खामियाजा शहर की जनता को ही भुगतना पड़ रहा है।

इन दिनों स्मार्ट सिटी के साथ ही अमृत योजना और 15वें वित्त आयोग के तहत सड़क, सीवर लाइन सहित कई अन्य काम चल रहे हैं। लंबे समय से चल रहे इन विकास कार्यों को लेकर संबंधित विभागों के बीच सामंजस्य की कमी ने शहरवासियों के खिलाफ अजीबो-गरीब हालात पैदा कर दिए हैं।

अमृत येाजना के तहत अलखनाथ मंदिर, सिटी स्टेशन रोड और चौपुला की ओर सीवर लाइन बिछाने के दौरान कई बार पानी की पाइप लाइन, दूरसंचार की भूमिगत केबिल सहित कई लाइनें टूटने से दिक्कत पैदा हो रही है। जबकि इसका काम शुरू कराने से पहले संबंधित विभागों से संवाद करके सारी स्थितियों पर पहले ही अध्ययन किया जाना चाहिए था। गुरुवार को भी सिटी स्टेशन रोड पर टूटी पाइप लाइन से काफी दुश्वारी पैदा हो गई। जिम्मेदारों ने टीम भेजकर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।

विकास भवन रोड पर भी रुक गया काम
सिटी स्टेशन रोड बहुत ही खराब है। सड़कों पर गड्ढे होने की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे रोड पर जलभराव हो जाने से दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल तक हो गए। राहगीरों को जाम की समस्या भी झेलनी पड़ी। इधर विकास भवन रोड पर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत रोड चौड़ीकरण का काम अभी कुछ दिन पहले शुरू कराया था लेकिन डीआईओएस दफ्तर के पास रोड चौड़ीकरण के लिए जैसी ही खुदाई का काम शुरू हुआ, हाईडिल की भूमिगत बिजली लाइनें टूटने लगीं। इसके बाद इस काम को बंद करा दिया गया। यही हाल विकास की तमाम अन्य परियोजनाओं का होने से लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है।

स्टेडियम रोड के गड्ढे को भरने पहुंची टीम
स्टेडियम रोड पर सड़क के बीचोंबीच गड्ढा हो गया है। इस वजह से यहां हादसे का खतरा पैदा हो गया था। अधिकारियों तक यह मामला पहुंचने के बाद गुरुवार को टीम इस गड्ढे की मरम्मत करने के लिए दौड़ पड़ी। इन दिनों स्टेडियम रोड के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके चलते यहां खुदाई का काम भी हो रहा है। जबकि यह रोड पहले से ही क्षतिग्रस्त है। मॉडल टाउन के पास सड़क पर काफी गहरा और खतरनाक गड्ढा हो गया था। इससे यहां हादसे की संभावना को देखते हुए गुरुवार को टीम कई फुट गहरे इस गड्ढे को ठीक करने में व्यस्त रही।

संबंधित समाचार