बाराबंकी: भाजपा मण्डल अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज, महिला ने लगाया था ये आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। थाना लोनीकटरा अन्तर्गत दलित महिला के बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर 175000 रुपये वसूलने वाले त्रिवेदीगंज मण्डल के भाजपा अध्यक्ष के विरुद्ध थाना प्रभारी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी। जानकारी के अनुसार, बीती 1 सितम्बर की दोपहर को …

बाराबंकी। थाना लोनीकटरा अन्तर्गत दलित महिला के बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर 175000 रुपये वसूलने वाले त्रिवेदीगंज मण्डल के भाजपा अध्यक्ष के विरुद्ध थाना प्रभारी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी। जानकारी के अनुसार, बीती 1 सितम्बर की दोपहर को भिलवल चौराहे पर इसी थाना क्षेत्र के ग्राम रुकनापुर निवासिनी प्यारा देवी पत्नी रामखेलावन गौतम ने अपने बेटे के साथ में त्रिवेदीगंज क्षेत्र के भाजपा मण्डल अध्यक्ष उत्तम वर्मा की बाइक को रोक करके उसको पहले अपशब्द कहे थे और बाद में चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी थी।

महिला का कहना था कि जो तुमने मेरे बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर मेरा 175000 रुपये लिये हैं वह वापस करो। उक्त घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से बीती 2 सितम्बर को वायरल हुआ तो जिले के पुलिस अधिकारी आश्चर्य में पड़ गये। जब जांच पड़ताल शुरु की तो पता चला कि उक्त वीडियो त्रिवेदीगंज क्षेत्र के भाजपा मण्डल अध्यक्ष का का है। उक्त घटना की लिखित शिकायत पीड़ित महिला प्यारा देवी ने 2 सितम्बर की दोपहर को थाना लोनीकटरा में जाकर की थी और उत्तम वर्मा पर नौकरी दिलाने के नाम पर 175000 रुपये वसूलने का आरोप लगाया था।

जबकि उत्तम वर्मा ने भी महिला और उसके बेटे के विरुद्ध अभद्रता का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। देर रात पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद के आदेश पर थाना प्रभारी लोनीकटरा ने भाजपा मण्डल अध्यक्ष त्रिवेदीगंज उत्तम वर्मा के विरुद्ध धारा 323, 504, 506, 419, 420 एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही शुरु कर दी। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी लोनीकटरा दुर्गा प्रसाद शुक्ला का कहना था कि महिला की तहरीर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष उत्तम वर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

उक्त घटना की जांच क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ नवीन सिंह करेंगे। उनके निर्देश के बाद ही आगे की कार्यवाही की जायेगी। इस घटना के बाद से भाजपा के बड़े नेताओं ने कन्नी काटनी शुरु कर दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव जहां मोबाइल फोन नही उठा रहे है वहीं कई अन्य बड़े नेता इस मामले में अपना बयान देने में आनाकानी कर रहे हैं।

संबंधित समाचार