बरेली: कोटे से स्नातक में प्रवेश को लेकर हंगामा काटा
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही है। तीसरी मेरिट में शामिल छात्रों के प्रवेश हो रहे हैं। ईडब्ल्यूएस कोटे की खाली सीटों पर भी प्रमाण पत्र देखने के बाद प्रवेश लिए जा रहे हैं। ओबीसी व एससी के कई छात्र प्रमाण पत्र न लगा …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही है। तीसरी मेरिट में शामिल छात्रों के प्रवेश हो रहे हैं। ईडब्ल्यूएस कोटे की खाली सीटों पर भी प्रमाण पत्र देखने के बाद प्रवेश लिए जा रहे हैं। ओबीसी व एससी के कई छात्र प्रमाण पत्र न लगा पाने की वजह से प्रवेश नहीं पा रहे हैं। ऐसे में आरक्षण कोटे में प्रवेश को लेकर कई छात्र संगठनों ने सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं।
शुक्रवार को कई छात्र संगठनों ने इसको लेकर बरेली कॉलेज में प्राचार्य डा. अनुराग मोहन व प्रवेश समन्वयक डा. वीपी सिंह के सामने हंगामा भी किया। प्रवेश समन्वयक डा. वीपी सिंह का कहना है कि जो छात्र प्रमाण पत्र लगा रहे हैं, उसी आधार पर प्रवेश दिए जा रहे हैं। यदि लिखित में प्रमाण पत्र को लेकर कोई शिकायत मिलती है तो तहसील में उसे जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच में प्रमाण पत्र फर्जी मिलने पर प्रवेश भी निरस्त किया जाएगा।
बीए, बीएससी व बीकॉम में प्रवेश पंजीकरण के दौरान बरेली कॉलेज ने एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस व अन्य कोटे में प्रवेश लेने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र लगाने के लिए बोला था। कई छात्र प्रमाण पत्र नहीं लगा सके थे तो उन्हें 24 घंटे का मौका भी दिया गया था। इसके बाद ही सभी वर्ग की मेरिट जारी की गई थी। सबसे पहले ओपन मेरिट जारी की गई थी।
कॉलेज में बीए, बीएससी व बीकॉम में ईडब्ल्यूएस कोटे की सीटें खाली थीं। इस पर छात्रों को दो दिन में प्रमाण पत्र लाकर प्रवेश का मौका दिया गया। इसी को लेकर कई छात्र संगठन विरोध करने लगे हैं। छात्र संगठनों का आरोप है कि कुछ छात्रों को प्रमाण पत्र लगाने का कम मौका दिया गया। इसके अलावा कई छात्र गलत प्रमाण पत्र लगाकर प्रवेश ले रहे हैं। इस पर प्रवेश समन्वयक का कहना है कि प्रमाण पत्र तहसील से बनता है। छात्र प्रमाण पत्र लगा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी छात्र की है।
परास्नातक में प्रवेश लेने वाले छात्र अभी से तैयार करा लें प्रमाण पत्र
प्रवेश समन्वयक ने बताया कि कुछ दिनों बाद परास्नातक में प्रवेश शुरू होंगे। परास्नातक में प्रवेश लेने वाले छात्र अभी से अपने प्रमाण पत्र तैयार करके रख लें ताकि उन्हें प्रवेश के दौरान प्रमाण पत्र समय पर देने में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। स्नातक में भी छात्रों को प्रमाण पत्र लगाने का समय दिया गया। तीसरी मेरिट के प्रवेश कल शाम तक होंगे। उसके बाद सीटें खाली रह जाएंगी तो अगली मेरिट जारी की जाएगी लेकिन उसके बाद विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुसार 400 रुपये का विलंब शुल्क विश्वविद्यालय में प्रवेश पंजीकरण का लिया जाएगा।
हाईलाइट्स
- 5928-कुल सीटें
- 4326-प्रवेश हुए
- 1602-सीटें बाकी
पाठ्यक्रम सीट प्रवेश
- बीए 2024 1761
- बीकॉम 1144 1008
- बीएससी बॉयो 792 705
- बीएससी गणित 968 852
ईडब्ल्यूएस कोटे से प्रवेश को लेकर यदि कोई लिखित शिकायत आएगी तो उसकी जांच करायी जाएगी। जांच में गड़बड़ी मिलने पर प्रवेश निरस्त किया जाएगा। -डा. अनुराग मोहन, प्राचार्य बरेली कॉलेज
