कानपुर: लापता कपड़ा व्यापारी का मिला शव, पुलिस ने जाहिर की ये आशंका
कानपुर। कानपुर जिले के चकेरी से लापता कपड़ा व्यापारी का शव बाबूपुरवा स्थित डिग्गी तालाब के पास मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या की आशंका पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए। घटना की जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। …
कानपुर। कानपुर जिले के चकेरी से लापता कपड़ा व्यापारी का शव बाबूपुरवा स्थित डिग्गी तालाब के पास मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या की आशंका पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए। घटना की जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चकेरी के कृष्णा नगर निवासी 65 वर्षीय लक्ष्मण दास भाटिया की जनरल गंज में कपड़े की दुकान है।
भतीजे अमित ने बताया कि वह रोज की तरह गुरुवार को दुकान गए थे। रात को जब वह घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनके बारे में कुछ पता कुछ पता नहीं चला तो देर रात चकेरी थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद दोबारा वह लोग उनकी तलाश कर रहे थे, तभी उन्हेंं बाबू पुरवा स्थित डिग्गी तालाब के पास एक शव मिलने की जानकारी हुई। पहुंचकर देखा तो शव उनके चाचा का निकला। लापता व्यापारी का शव मिलने की जानकारी होने पर चकेरी और बाबूपुरवा पुलिस ने जांच पड़ताल की साथ ही हत्या की आशंका पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए।
चकेरी थाना प्रभारी मधुर मिश्रा ने बताया कि मृतक की साइकिल बाबूपुरवा में स्थित वारिस हॉस्पिटल के बाहर मिली है। वहीं अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज में दो लड़के ई रिक्शा से उन्हेंं अस्पताल लाते हुए दिखे हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दो लड़के उन्हेंं भर्ती कराने के लिए लाए थे, लेकिन उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हेंं सरकारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। वहीं उनका मोबाइल भी सुजातगंज में एक शख्स को पड़ा हुआ मिला था, जिसे स्वजन को सौंप दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि संभवत व्यापारी का रास्ते में एक्सीडेंट हो गया होगा,जिसके बाद दोनों युवक उन्हेंं भर्ती कराने के लिए लाए होंगे। हालांकि बाद में शायद उन युवकों ने व्यापारी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने की बजाय रास्ते में ही छोड़ दिया होगा। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही व्यापारी की मौत का कारण स्पष्ट होगा। वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की तलाश की जा रही है।
