बाराबंकी: पेड़ से लटकता हुआ मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
बाराबंकी। जिले के असन्द्रा थाना क्षेत्र में बीती रात लापता हुए एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार को पेड़ से लटकता हुआ मिला। जिसकी सूचना वहां मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को दी। जिसपर मौके पर पहुंची पुलिस की ओर से मृतक के शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, बताया …
बाराबंकी। जिले के असन्द्रा थाना क्षेत्र में बीती रात लापता हुए एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार को पेड़ से लटकता हुआ मिला। जिसकी सूचना वहां मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को दी। जिसपर मौके पर पहुंची पुलिस की ओर से मृतक के शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से परेशान था।
जानें क्या है पूरा मामला…
बता दें कि मामला थाना असन्द्रा क्षेत्र के पश्चिम बेलाव गांव का है। यहां का निवासी फूलचंद यादव बीती रात करीब 11 बजे घर से अचानक लापता हो गया था। उसके बाद शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर पेड़ से लटकता हुआ मिला।
मामले को लेकर प्रधान प्रतिनिधि औन जैदी की सूचना पर असन्द्रा थाने के एसआई रामकिशोर वर्मा मौके पर पहुंचे। जिसपर वे आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक युवक आज से करीब 5 वर्ष पहले बिहार से एक युवती से शादी कर उसे घर लाया था। एक पखवारा तक यहां रहने के बाद युवती अपने घर वापस चली गई। तब से युवक मानसिक रूप से परेशान था। मृतक के भाई केशवराम के मुताबिक वह रात से लापता था और आज सुबह उसका शव मिला है। इस संबंध में इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का है।

मामले में पुलिस की लापरवाही आई सामने…
मामले की सूचना पर पहुंचे दरोगा राम किशोर वर्मा ने शव फांसी के फंदे से उतरवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए तो भेज दिया, लेकिन फांसी के फंदे में इस्तेमाल गमछे को वह मौके पर ही छोड़कर चले गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस दोबारा घटनास्थल पर आई और गमछे को अपने कब्जे में लिया। पुलिस की इस बड़ी लापरवाही से ग्रामीणों में काफी रोष देखा गया।
