अमरोहा: चोरों ने दो बंद मकानों से उड़ाये दस लाख, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
अमरोहा/ हसनपुर,अमृत विचार। चोरों ने बंद पड़े दो मकानों के ताले तोड़ कर सोने-चांदी के जेवरात समेत दस लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लेकर जांच को भेजे हैं। पीड़ितों द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी गई है। मामला नगर के मोहल्ला ग्रीन सिटी का …
अमरोहा/ हसनपुर,अमृत विचार। चोरों ने बंद पड़े दो मकानों के ताले तोड़ कर सोने-चांदी के जेवरात समेत दस लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लेकर जांच को भेजे हैं। पीड़ितों द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
मामला नगर के मोहल्ला ग्रीन सिटी का है। नगर निवासी शोभित शर्मा रहरा अस्पताल में ब्लॉक कैशियर के पद पर तैनात हैं। बीती रात वह पत्नी के साथ अपने पुराने घर आए हुए थे। चोर मौके का फायदा उठाते हुए उनके मेन गेट का ताला तोड़ कर अंदर घुस गए। उन्होंने ने घर में रखी दो एलईडी, बर्तन, कपड़े व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। शोभित ने बताया कि चोर उसका करीब 6 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गये हैं।
उसके बाद चोरों ने पड़ोसी बीएसएफ जवान यतीन्द्र के मेन के गेट का ताला तोड़ कर एलईडी, घर का कीमती सामान, साढे़ चार तोले सोना चोरी कर ले गए। यतीन्द्र बीएसएफ में तैनात है। वह छुट्टी पर आया हुआ था। आज उसे वापस ड्यूटी पर जाना था। परिवार के साथ वह संभल के राजीखेड़ा गांव गया हुआ था। सूचना मिलते ही वह गांव से अपने घर लौट आया।
उसने बताया कि चोरों ने करीब साढे चार लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। दो मकानों में चोरी की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कोतवाल संजय तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। उसके बाद सीओ श्रेष्ठा ठाकुर भी मौके पर पहुंच गईं। मौके पर पहुंची फोंरेसिक टीम ने नमूने लिए तथा जांच के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास पर काम करने वाले मजदूरों से पूछताछ कर रही है।
