बरेली: चार साल से लापता कोहिनूर की फिर शुरू होगी तलाश, परिजनों में जगी उम्मीद
बरेली, अमृत विचार। चार साल पहले बिथरी चैनपुर के मनपुरिया दलेल से गायब हुई आठ साल की कोहिनूर की तलाश अब दोबारा शुरू होगी। 2016 में कोहिनूर के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। काफी तलाश के बाद भी न मिलने पर पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगाकर फाइल बंद कर दी थी। आईजी के …
बरेली, अमृत विचार। चार साल पहले बिथरी चैनपुर के मनपुरिया दलेल से गायब हुई आठ साल की कोहिनूर की तलाश अब दोबारा शुरू होगी। 2016 में कोहिनूर के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। काफी तलाश के बाद भी न मिलने पर पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगाकर फाइल बंद कर दी थी। आईजी के आदेश के बाद अब एक बार फिर बिथरी चैनपुर पुलिस ने कोहिनूर की पहचान व जानकारी भी जारी की है।
21 अगस्त 2016 की रात कदीरुद्दीन की पत्नी अफसाना अपने बच्चों के साथ घर के आंगन में सो रही थी। 22 अगस्त 2016 को जब परिवार के लोग सोकर उठे तो हैरान रह गए। पता चला घर में चोरी हुई है। चोर घर से सामान के साथ आठ साल की बेटी कोहिनूर को भी लेकर गए थे।
काफी तलाशने के बाद भी कोहिनूर का पता न चलने पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर मामला एंटी ह्यमून ट्रैफिकिंग यूनिट को सौंप दिया गया था। यूनिट ने भी कोहिनूर को काफी तलाश किया लेकिन नाकामयाबी मिलने के बाद एएचटीयू ने फाइनल रिपोर्ट लगाकर फाइल बंद कर दी थी।
अब आईजी रमित शर्मा के आदेश पर अभियान ऑपरेशन तलाश के तहत कोहिनूर की तलाश दोबारा शुरू की जा रही है। इस आदेश के बाद कोहिनूर के परिजनों में एक बार फिर अपनी बेटी को वापस पाने की उम्मीद जाग उठी है। बिथरी चैनपुर इंस्पेक्टर मनोज त्यागी ने एक बार फिर कोहिनूर की पिछली फोटो व उसकी जानकारियों के साथ नया पोस्टर प्रेदेश भर में जारी कर दिया है।
