अमरोहा: आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हसनपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के लिंक मार्ग पर सोमवार की रात कार की टक्कर से फोटोग्राफर की मौत हो गई थी। जिसके चलते ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवा दिया। ग्राम ताहरपुर निवासी वीरभान …

हसनपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के लिंक मार्ग पर सोमवार की रात कार की टक्कर से फोटोग्राफर की मौत हो गई थी। जिसके चलते ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवा दिया।

ग्राम ताहरपुर निवासी वीरभान सिंह फोटोग्राफी का काम करता था। वह फोटोग्राफी के कार्य से बाइक पर सवार होकर सिहाली जागीर जा रहा था। ग्राम शेरगढ़ के समीप कार ने बाइक में टक्कर मार दी थी। जिससे फोटोग्राफर की मौत हो गई थी। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था और शव का पंचनामा भर कर अमरोहा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने मंगलवार दोपहर बाद अमरोहा बस स्टैंड चौराहा पर वीरभान का शव रखकर जाम लगा दिया।

ग्रामीणों का कहना था कि उसने पुलिस को वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी का नाम बता दिया था। लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। ग्रामीण प्रदर्शन करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जाम स्थल पर लाने की मांग पर अड़ गये। जाम खुलवाने को लेकर ग्रामीणों की कई बार पुलिस से नोकझोंक भी हुई। बाद में मकनपुर शुमाली के प्रधान बंटी चौहान के प्रयासों से पुलिस ने जाम खुलवाया। जाम लगने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस के जाम खुलवाने को लेकर पसीने छूटते रहे।

मृतक के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगाया था। पुलिस ने घटना के बाद कार को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। आरोपी की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। -संजय तोमर, प्रभारी निरीक्षक हसनपुर

संबंधित समाचार