हरदोई: भाजपा नेता पर कहर बनकर टूटी खाकी, हाथ और आंख पर लगी गहरी चोट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। गाली-गलौज कर रहे दरोगा से टोंका-टांकी करना भाजपा नेता के लिए आफत का सबब बन जाएगा, इस बारे में किसी को कतई नहीं पता था। शहर के पूर्व सभासद व भाजपा नेता के साथ कोतवाली में बुरी तरह मारपीट करते हुए हाथ तोड़ना और आंख के पास गहरी चोंट पहुंचाने वाले दरोगा की करतूत …

हरदोई। गाली-गलौज कर रहे दरोगा से टोंका-टांकी करना भाजपा नेता के लिए आफत का सबब बन जाएगा, इस बारे में किसी को कतई नहीं पता था। शहर के पूर्व सभासद व भाजपा नेता के साथ कोतवाली में बुरी तरह मारपीट करते हुए हाथ तोड़ना और आंख के पास गहरी चोंट पहुंचाने वाले दरोगा की करतूत महकमें के लिए भी मोल की मुसीबत पैदा कर सकती है। इसे लेकर भगवा खेमे में अंदर ही अंदर नाराजगी घर करती जा रही है। पार्टी आलाकमान से शिकायत करने की सुगबुगाहट हो रहीं हैं।

बताते चलें शहर के पुराना बोर्डिंग हाउस के पूर्व सभासद व भाजपा नेता अवधेश गुप्ता को क्राइम ब्रांच के एक दरोगा ने कोतवाली में बंद कर बुरी तरह पीटा। बताया गया है कि दरोगा सादी वर्दी में नुमाइश चौराहा पर गाली-गलौज कर रहा था। वहीं पर पूर्व सभासद अपनी दुकान पर मौजूद थे। भाजपा नेता ने दरोगा को राह चलती छात्राओं का वास्ता देते हुए गाली-गलौज करने से मना कर आफत अपने सिर ले ली। फिर क्या था, किसी का इस तरह बोलना रौब गालिब कर रहे दरोग़ा ने अपनी तौहीन समझते हुए भाजपा नेता को कोतवाली बुलाया।

जहां पूर्व सभासद व भाजपा नेता पर आफत बन कर टूट पड़ा। हाथ तोड़ दिया, आंख पर गहरी चोंट पहुंचाने के बाद जमकर गालियां देने के बाद खाकी का गुस्सा कुछ कम हुआ। इससे पहले किसी ने भी गुस्से से तमतमाएं दरोगा को रोकने या टोंकने की हिम्मत नहीं जुटा पाई थी। इस मामले को लेकर भगवा खेमे में ज़बरदस्त नाराज़गी घर कर गई है। इस बारे में पार्टी आलाकमान से शिकायत करने सुगबुगाहट शुरू हो गई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले, सरकार की नहीं होने देंगे किरकिरी

पूर्व सभासद व भाजपा नेता के बुरी तरह पीटे जाने के मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने पहले पहल अवधेश गुप्ता को भाजपा कार्यकर्ता मानने से इंकार किया। फिर बोले कि भाजपा आम लोगों की पार्टी है। पुलिस का इस तरह बेलगाम होना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि अवधेश गुप्ता को न्याय दिलाया जाएगा।इस बारे में सीओ सिटी से बात हुई है।किसी गलत हरकत से सरकार की किरकिरी हो,ऐसा नहीं होने देंगे।

सीओ सिटी ने कहा- अभी नहीं मिली तहरीर

पूर्व सभासद व भाजपा नेता के पुलिस के हाथों पीटे जाने को लेकर सीओ सिटी विकास जायसवाल ने कहा है कि मामले की फिलहाल पूरी जानकारी नहीं है। कानून से खिलवाड़ करने की किसी को छूट नहीं दी गई है। उन्होंने आगे कहा कि तहरीर मिलते ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पीड़ित को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है।

लोग बोले, धोखे में खा गए धोखा

पूर्व सभासद व भाजपा नेता अवधेश गुप्ता की पिटाई के मामले में इलाकाई लोगों का कहना है कि कौशलपुरी के कुछ युवक बाइक से जा रहे थे। नुमाइश चौराहा पर उन युवकों के बीच नोंक-झोंक होने लगी। युवकों के साथ एक कांस्टेबिल भी था,ऐसा बताया जा रहा है। बात कुछ इतनी बढ़ गई कि हाथापाई की नौबत आ गई।इधर अवधेश गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख कांस्टेबिल को खतरा महसूस हुआ। उसने कोतवाली फोन घुमा दिया।बस उसका फोन करना था कि पुलिस की फौज जा धमकी। जिसका नतीजा पूर्व सभासद को भुगतना पड़ा।

संबंधित समाचार