बरेली: निगरानी न मानक, पंचायत भवन निर्माण में चल रहा ‘खेल’
बरेली, अमृत विचार। ग्राम पंचायतों में बनाए जाने वाले पंचायत घरों की रकम से प्रधान और सचिव खुद का विकास करने में लगे हैं। यही वजह है भ्रष्टाचार की बुनियाद पर खड़े भवन का कहीं लिंटर गिर रहा तो कहीं बुनियाद खिसक रही है। यह आलम तब है जब पंचायत भवनों के निर्माण के दौरान …
बरेली, अमृत विचार। ग्राम पंचायतों में बनाए जाने वाले पंचायत घरों की रकम से प्रधान और सचिव खुद का विकास करने में लगे हैं। यही वजह है भ्रष्टाचार की बुनियाद पर खड़े भवन का कहीं लिंटर गिर रहा तो कहीं बुनियाद खिसक रही है। यह आलम तब है जब पंचायत भवनों के निर्माण के दौरान जिम्मेदार भी खुद मौके पर जाकर निर्माण साम्रगी की गुणवत्ता परखते हैं। मानक ताक पर रखकर बनाए जा रहे इन भवनों के निर्माण कार्य में सीधे तौर पर खेल करके पैसे बचाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, अफसर मामले की शिकायत मिलने पर जांच कराने की बात कह रहे हैं।
ग्राम पंचायतें सशक्त बनाने और एक छत के नीचे सभी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत घर बनाए जा रहे हैं। अक्टूबर तक जिले की समस्त 1193 ग्राम पंचायतों में इसका निर्माण पूरा कराने का लक्ष्य है। जहां पूर्व में पंचायत भवन बना है। उसकी मरम्मत कराई जानी है। जबकि वंचित पंचायतों में नया निर्माण कराया जा रहा है।
विभागीय आंकड़ों में करीब 723 गांवों में नए पंचायत बनने थे। अधिकांश में निर्माण कार्य तेजी से चलने का दावा किया जा रहा है, लेकिन हकीकत कुछ और है। जर्जर पंचायत भवनों को ठीक कराने के नाम पर जहां बजट ठिकाने लगाया जा रहा है, वहीं बिथरीचैनपुर, भोजीपुरा समेत कई ब्लाक ऐसे भी हैं जहां मानक ताकर पर रखकर प्रधान और सचिव खेल करने में लगे हैं। भवन की दीवारें दरकने लगी हैं तो कहीं दोयम दर्ज की ईंट के साथ ही मानक विहीन सामग्री का प्रयोग किया गया है।
लिंटर गिरने के मामले की डीपीआरओ कराएंगे जांच
बिथरी चैनपुर के गांव सैदपुर चुन्नीलाल में शनिवार देर शाम निर्माणाधीन पंचायत भवन का लिंटर गिर गया। हादसे के वक्त कोई मजूदर काम नहीं कर रहा था, लेकिन मानक ताक पर रखकर तैयार किए जा रहे इस भवन ने प्रधान और सचिव की पोल खोल दी। इसमें ठेकेदार की लापरवाही भी उजागर हुई है। अब गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करने की बात कहकर डीपीआरओ ने मामले की जांच बैठा दी है।
गांव में अब तक बनकर तैयार पंचायत भवन और निर्माणाधीन पंचायत भवनों की जांच कराएंगे। ग्राम पंचायत सैदपुर चुन्नीलाल में पंचायत भवन का लिंटर गिरने का भी मामला संज्ञान में आया है। प्रधान, सचिव हो या ठेकेदार जांच में जो भी दोषी मिलेगा उनसे रिकवरी की जाएगी। इसके अलावा इनके खिलाफ एफआईआर भी होगी। -धर्मेंद्र कुमार, डीपीआरओ
