मुरादाबाद: आजम खां पर दर्ज फरारी के मामले में कोर्ट नहीं पहुंचे गवाह, सुनवाई टली
मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा के कद्दावर नेता आजम खां पर छजलैट थाने में दर्ज फरारी के मामले में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। निर्धारित वक्त तक गवाह न आने के कारण कोर्ट ने सुनवाई टालते हुए 18 सितंबर की तारीख नियत की है। जनवरी वर्ष 2008 में आजम खां अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा के कद्दावर नेता आजम खां पर छजलैट थाने में दर्ज फरारी के मामले में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। निर्धारित वक्त तक गवाह न आने के कारण कोर्ट ने सुनवाई टालते हुए 18 सितंबर की तारीख नियत की है।
जनवरी वर्ष 2008 में आजम खां अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ कार से छजलैट क्षेत्र से गुजर रहे थे। कार के शीशों पर काली फिल्म होने के कारण पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने गाड़ी चेक करने की बात कही तो आजम खां भड़क गए थे और थाने के सामने ही बेटे संग धरने पर बैठ गए थे।
कुछ देर में पूरे मंडल के सपा के दिग्गज नेता भी धरने में शामिल हो गए थे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद धरना खत्म कराया था। इस मामले में आजम व अब्दुल्ला आजम समेत तमाम सपाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। बताते हैं कि आजम व अब्दुल्ला आजम इस मामले में वारंट जारी होने के बाद लंबे समय तक कोर्ट में पेश नहीं हुए।
इसके बाद वर्ष 2019 में छजलैट थाने में आजम खां पर फरारी का एक अन्य मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। मंगलवार को गवाहों के बयान होने थे लेकिन शाम चार बजे तक कोई गवाह कोर्ट नहीं पहुंचा। शासकीय अधिवक्ता मनीष भटनागर ने बताया कि अब इस मामले में 18 सितंबर को सुनवाई होगी।
