बांदा: पूर्व पंचायत अध्यक्ष के भाई व पुत्र समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज, जानें मामला
बांदा। दुकान में घुसकर तोडफ़ोड़ और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष के पुत्र, भाई व भतीजे समेत पांच के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की। हालांकि, घायल दुकानदार भी पूर्व अध्यक्ष का भांजा बताया गया है। चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल भतीजा कानपुर में भर्ती है। …
बांदा। दुकान में घुसकर तोडफ़ोड़ और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष के पुत्र, भाई व भतीजे समेत पांच के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की। हालांकि, घायल दुकानदार भी पूर्व अध्यक्ष का भांजा बताया गया है। चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल भतीजा कानपुर में भर्ती है। शहर के खूंटी चौराहा निवासी शेख के बेटा शमीम की अलीगंज में इनवर्टर की दुकान है। मंगलवार को शाम कुछ लोगों ने धावा बोलकर दुकान में तोड़फोड़ की और शमीम को पीट दिया।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल कर दिया गया। पिटाई में घायल दुकानदार शमीम का आरोप है कि बैटरी न बदलने पर अभद्रता करने लगे थे। मना करने पर मारपीट और तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। शमीम की तहरीर पर पुलिस ने जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शकील अली के भाई नवाब अली, भतीजे फारुख अली, पुत्र रियाज अली समेत महमूद अली व मोहम्मद अली के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की। सीओ सिटी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल दुकानदार का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है।
उधर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शकील अली ने बताया कि शमीम उनका भांजा है। भाई नवाब बैटरी बदलने गए थे। मामूली बात पर दोनों के बीच बहस हो गई और मारपीट शुरू हो गई। शमीम के पक्ष से किसी ने भतीजे फारुख को चाकू मार दिया। उसके हाथ की नसें कट गईं। उसे कानपुर में भर्ती कराया गया है। साथ ही उन्होंने राजनीतिक साजिश भी बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष उनके सगे-संबंधी हैं। वह किसी के बीच में नहीं पड़ेंगे।
