बरेली: फल-सब्जी दुकानदारों के गंदगी फैलाने पर लगेगा जुर्माना
बरेली, अमृत विचार। शहर में तेजी से फैल रहे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से निपटने के लिए नगर निगम ने कोशिश तेज कर दी है। इसको लेकर नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत वार्ड में तैनात सफाई निरीक्षक, सफाई नायक, सफाई कर्मी शहर को डेंगू, मलेरिया व अन्य संक्रामक बीमारियों से …
बरेली, अमृत विचार। शहर में तेजी से फैल रहे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से निपटने के लिए नगर निगम ने कोशिश तेज कर दी है। इसको लेकर नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत वार्ड में तैनात सफाई निरीक्षक, सफाई नायक, सफाई कर्मी शहर को डेंगू, मलेरिया व अन्य संक्रामक बीमारियों से मुक्ति दिलाने के लिए फील्ड में जाकर लोगों से सहयोग मांगते हुए अपील कर रहे हैं।
अपर नगर आयुक्त श्यामलता आनंद रोजाना टीम के साथ हर वार्ड का निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को महत्वपूर्ण निर्देशों के साथ ही कुछ टिप्स भी बताए। उन्होंने कहा कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुबह-सुबह अपने संशाधनों, मशीनरी उपकरणों और सफाई संरक्षकों की उपस्थिति चेक करें। सफाई व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए वार्डों में बीटों का निर्धारण करने और शत-प्रतिशत घरों का कचरा उठवाने पर जोर दिया।
बाजार क्षेत्रों में रात में सफाई कराने पर विशेष फोकस करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने खासतौर से चाय, पान, फल, फूल, साग-सब्जियों की दुकानों के आस-पास गंदगी न फैलाने और फैलाने वालों से जुर्माना वसूलने की हिदायत दी। टीम के लोगों को जनता को जागरूक करने को कहा गया है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अशोक कुमार का कहना है कि वार्डवाइज टीम लगी हुई है। फॉगिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के लिए अभियान तेजी से चल रहा है। जनता का भी सहयोग अभियान में लिया जा रहा है।
