बरेली: कॉलेज में सीटें फुल, विवि की वेबसाइट दिखा रही खाली
बरेली, अमृत विचार। स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश को पांच दिन शेष बचे हैं। विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुसार 20 सितंबर तक 600 रुपये विलंब शुल्क के साथ प्रवेश किए जाएंगे। अधिकांश महाविद्यालयों की सीटें भी फुल हो गई हैं लेकिन एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर काफी संख्या में खाली सीटें दिखायी जा रही …
बरेली, अमृत विचार। स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश को पांच दिन शेष बचे हैं। विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुसार 20 सितंबर तक 600 रुपये विलंब शुल्क के साथ प्रवेश किए जाएंगे। अधिकांश महाविद्यालयों की सीटें भी फुल हो गई हैं लेकिन एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर काफी संख्या में खाली सीटें दिखायी जा रही हैं।
इसकी वजह है कि वेबसाइट पर महाविद्यालयों से दिया जा रहा डाटा अपडेट नहीं किया जा रहा है। इसकी वजह से छात्रों को भी दिक्कत हो रही है। बरेली कॉलेज की बात करें तो इसमें बीए की 1840 सीटें हैं, जिनमें लगभग सभी में प्रवेश हो चुका है लेकिन वेबसाइट पर अब भी 1207 सीटें खाली दिखा रहा है।
इसी तरह से अन्य विषयों में भी सीटें खाली दिखायी जा रही हैं। बरेली कॉलेज के अलावा अन्य महाविद्यालयों की सीटों की संख्या अपडेट नहीं की गई है। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में बुधवार शाम तक 1 लाख 47 हजार प्रवेश हो चुके हैं और 1 लाख 13 हजार से अधिक का प्रवेश पंजीकरण शुल्क जमा हो चुका है।
सबसे ज्यादा प्रवेश बीए में 90500 से अधिक प्रवेश हुए हैं। बरेली कॉलेज में बीएससी बॉयो की 15 सीटों पर बुधवार को प्रवेश पूरे नहीं हो चुके। पांचवी व छठी मेरिट में शामिल छात्रों को बुधवार को प्रवेश का मौका दिया गया था लेकिन सिर्फ एक छात्र ही प्रवेश के लिए पहुंचा। प्रवेश समन्वय डा. वीपी सिंह ने बताया कि जल्द ही इन बची हुई सीटों के लिए अगली मेरिट निकाली जाएगी।
