संभल : 21 को आएंगे सीएम, 200 करोड़ की योजना का करेंगे शिलान्यास
संभल/कैलादेवी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 सितंबर को संभल दौरे में कैला देवी मंदिर परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगे। मंदिर के सामने मैदान में सभा होगी। कार्यक्रम में तीन शेष हैं। तमाम व्यवस्थाओं में प्रशासनिक अधिकारी जुटे हैं। शुक्रवार को डीआईजी शलभ माथुर ने डीएम संजीव रंजन और एसपी चक्रेश मिश्र के साथ …
संभल/कैलादेवी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 सितंबर को संभल दौरे में कैला देवी मंदिर परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगे। मंदिर के सामने मैदान में सभा होगी। कार्यक्रम में तीन शेष हैं। तमाम व्यवस्थाओं में प्रशासनिक अधिकारी जुटे हैं। शुक्रवार को डीआईजी शलभ माथुर ने डीएम संजीव रंजन और एसपी चक्रेश मिश्र के साथ जनसभा स्थल का जायजा लिया।
डीआईजी ने जनसभा में भीड़ अधिक आने की संभावना को देखते हुए डीएम से सभा स्थल बदलकर मंदिर के सामने वाले मैदान को तैयार कराने के लिए कहा। पूर्व के सभा स्थल पर काम चल रहे थे। उन्होंने बराबर में किसी व्यक्ति की जमीन में बनी चारदीवारी को तुड़वा दी थी। वह व्यक्ति कर्मियों द्वारा चारदीवारी तोड़ने की शिकायत अधिकारियों से की।
इसके बाद उसकी बात को ध्यान में रखते हुए डीएम और एसपी ने सभा स्थल को दूसरी जगह करने को कहा। पूर्व सभा स्थल में अब वाहन लगेंगे। उन्होंने हेलीपैड के लिए भी जगह चिह्नित की। कर्मियों को जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कैलादेवी स्थान में पूजा कर सकते हैं। इस कारण मंदिर तक के रास्ते को भी दुरुस्त किया गया है।
आसपास साफ-सफाई जारी है। बता दें मुख्यमंत्री 200 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक जायसवाल, एसडीएम दीपेंद्र यादव, सीओ अरुण कुमार, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, ब्लॉक प्रमुख पति हृदेश यादव आदि मौजूद रहे।
सीएम के दौरे से पहले मंदिर के रास्तों की बदल दी सूरत
कैलादेवी मंदिर के चारों तरफ बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियां उगीं थीं। कैलादेवी मंदिर में सीएम के दौरे की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उक्त स्थल की मशीनों से साफ-सफाई कराई है। मंदिर को जाने वाले रास्तों की दोनों तरफ पौधे लगा दिए हैं। मंदिर के रास्तों की सूरत ही बदल दी है।
20 हजार लोगों के लिए बनाया जा रहा पंडाल
डीआईजी ने मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से 200 मीटर की दूरी पर हेलीपैड बनाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री गांव की सड़कों से होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। बरसात को देखते हुए मंच और कार्यकर्ताओं के लिए वाटरप्रूफ पंडाल बनेगा। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर तक मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम तय नहीं था। ठीक ढाई बजे सूचना मिली कि मंगलवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
तब से कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां तेजी से होनी शुरू हो गईं। मुख्यमंत्री के सरकारी प्रोग्राम आने पर रूपरेखा समय अनुसार बनाई जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पुलिस-प्रशासन एक-एक पल जानकारी ले रहे हैं। भाजपा के पश्चिमी उत्तरप्रदेश के उपाध्यक्ष राजेश सिंघल ने बताया कि युद्ध स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां चल रहीं है। कार्यक्रम स्थल पर 20 हजार लोगों के लिए पंडाल बनाया जा रहा है।
सीएम आगमन पर काले झंडे दिखाने की बनाई रणनीति
दलित मुस्लिम सुरक्षा मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष भीकम सिंह भारती के नेतृत्व में शुक्रवर को अख्तियारपुर तगा गांव में बैठक हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश को चलाने में नाकाम साबित हो रही है। वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह से लिप्त हो चुकी है। प्रदेश सरकार दलितों और गरीबों का शोषण करने का काम कर रही है।
मंच के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार ने कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री के संभल आगमन पर काले झंडे दिखाने को कहा। इस दौरान हेमलता वर्मा, फूलजहां, चौधरी मुजफ्फर, रेखा गौतम, मोहसिन अली, रामौतार दक्ष, अमित कुमार, प्रताप सिंह, रोशन जहां, वाहिद अली, पप्पू गौतम, कौशल, समीर पाशा, शारिक अली, ओमप्रकाश पवार, अमित सक्सेना आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे
